Advertisement
19 February 2017

यूपी ने मोदी को नहीं, सपा को लिया है गोद : मुलायम

google

मुलायम ने आज सैफई में मतदान करने के बाद  दावा किया कि  सपा में कोई मतभेद नहीं है। मुख्यमंत्री तो अखिलेश ही बनेगा, क्योंकि उसके कार्यकाल में विकास के कार्य हुए हैं। उसने गरीबों, किसानों, नौजवानों, सभी के लिए काम किया है।

यह पूछने पर कि इस बार पूर्व के विधानसभा चुनाव की तरह प्रचार क्यों नहीं कर रहे हैं, मुलायम ने कहा कि वह प्रचार कर रहे हैं। अभी और चरण बाकी हैं और वह पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। यह पूछने पर कि प्रधानमंत्री खुद को उत्तर प्रदेश का गोद लिया हुआ बेटा बताते हैं, सपा संस्थापक ने कहा, वह तो कुछ भी कहते हैं, उन्हें कहने दीजिए। असल में सपा को प्रदेश ने गोद ले लिया है।

सपा पर परिवारवाद को बढ़ावा देने के मोदी के आरोप पर उन्होंने कहा कि  अब जनता हमारे परिवार के लोगों को चुनती है, तो हम क्या करें। उन्होंने कहा कि उनके छोटे भाई और जसवंतनगर सीट से सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव बड़े अंतर से विजयी होंगे। (एजेंसी)

TAGS: मुलायम, यादव, नरेंद्र मोदी, सपा, उत्तर प्रदेश, गोद
OUTLOOK 19 February, 2017
Advertisement