Advertisement
18 December 2017

वंशवाद और जातिवाद पर विकास की जीत हैः अमित शाह

वंशवाद और जातिवाद पर विकास की जीत हैः अमित शाह | google

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में वंशवाद और जातिवाद पर विकास की जीत है 14 राज्यों में भाजपा और पांच राज्यों में एनडीए की सरकार है और 2019 में भी देश में भाजपा की सरकार बनेगी।

पार्टी मुख्यालय में भारी जश्न के बीच पहुंचे भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज का दिन पार्टी के लिए उमंग का दिन है। उनकी पार्टी अब दोनों जगहों पर सरकार बनाने जा रही है। इसके लिए सबसे पहले गुजरात और हिमाचल की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं कि मोदी की विकास यात्रा में इन दोनों राज्यों के लोगों ने विश्वास जताया। यह प्रधानमंत्री की नीतियों और केन्द्र सरकार के गरीब लक्ष्य कार्यक्रम की जीत है। आत्मविश्वास से भरे भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कर्नाटक समेत आने वाले सभी चार राज्यों के विधानसभा चुनाव भी हम जीत लेंगे।

उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि गुजरात में साल 1990 से भाजपा कभी भी चुनाव नहीं हारी है और ये जीत जातिवाद, वंशवाद और तुष्टिकरण से ऊपर है। जनता ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री की नीतियों और गुजरात मॉडल को स्वीकार किया है। गुजरात चुनाव में जीएसटी और पाटीदार आंदोलन का कोई असर नहीं पड़ा। जीएसटी के असर वाले सूरत में भाजपा अच्छी तरह से जीती है। ऐसे ही पाटीदार आंदोलन के असर वाले मेहसाणा में भी भाजपा ने अपना परचम लहराया है। अब  कर्नाटक, त्रिपुरा और मेघालय में भी पार्टी की जीत का झंडा लहराया जाएगा।

TAGS: victory, castisme, amit shah, वंशवाद, जातिवाद, अमित शाह, विकास
OUTLOOK 18 December, 2017
Advertisement