Advertisement
23 January 2022

मायावती ने कांग्रेस को बताया वोट कटवा, मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर प्रियंका गांधी पर भी साधा निशाना

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को बसपा प्रमुख मायावती की चुप्पी पर हैरानी जताई थी। वहीं अब मायावती ने कांग्रेस महासचिव पर निशाना साधा है।

मायावती ने ट्वीट किया, "यूपी विधानसभा आमचुनाव में कांग्रेस पार्टी की हालत इतनी ज़्यादा ख़स्ताहाल बनी हुई है कि इनकी सीएम की उम्मीदवार ने कुछ घण्टों के भीतर ही अपना स्टैण्ड बदल डाला है। ऐसे में बेहतर होगा कि लोग कांग्रेस को वोट देकर अपना वोट ख़राब न करें, बल्कि एकतरफा तौर पर बीएसपी को ही वोट दें।"


बसपा प्रमुख ने कांग्रेस को वोट कटवाबताते हुए कहा कि यूपी में कांग्रेस जैसी पार्टियाँ लोगों की नज़र में वोट काटने वाली पार्टियाँ हैं। ऐसे में भाजपा को यूपी की सत्ता से बाहर करके यहाँ सर्वसमाज के हित में व इनके जाने-परखे नेतृत्व वाली सरकार की ज़रूरत है, जिसमें बीएसपी का स्थान वास्तव में नम्बर-1 पर है।

Advertisement

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी ने शनिवार को मायावती की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा था, '' छह-सात महीने पहले तक हमें लगता था कि उनकी पार्टी सक्रिय नहीं है। हमें लगा शायद वह चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। मगर हम भी बहुत हैरान हैं कि चुनाव शुरू हो गया है। हम बीच चुनाव में हैं और जैसा कि आप कह रहे हैं कि वह (मायावती) अभी सक्रिय नहीं हैं। उन्होंने चुप्पी साध रखी है। यह मेरी समझ के बाहर है।'' उन्होंने यह भी कहा था कि यह भी संभव है कि भाजपा सरकार मायावती पर दबाव बना रही हो।



अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: मायावती, बसपा, प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, कांग्रेस, Mayawati, BSP, Priyanka Gandhi, Uttar Pradesh Assembly Elections, Congress
OUTLOOK 23 January, 2022
Advertisement