Advertisement
26 May 2022

मोदी ने 'परिवारवादी' पार्टियों को फिर से घेरा, बताया देश का 'सबसे बड़ा' दुश्मन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि परिवार संचालित पार्टियां हमेशा अपने विकास के बारे में सोचती हैं और देश की सबसे बड़ी दुश्मन हैं।
       
यहां बेगमपेट हवाई अड्डे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि तेलंगाना में भगवा पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध लिया जा रहा है।
       
उन्होंने 'परिवारवादी' दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सिर्फ भारत की राजनीतिक समस्या नहीं हैं बल्कि 'परिवारवाद' और 'परिवारवादी दल' देश के लोकतंत्र और उसके युवाओं की सबसे बड़ी दुश्मन हैं।

मोदी ने राज्य में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की ओर इशारा करते हुए कहा, "परिवारवादी (परिवार द्वारा संचालित) पार्टियां न केवल राजनीतिक समस्याएं हैं... वे लोकतंत्र और युवाओं की सबसे बड़ी दुश्मन हैं।"

तेलंगाना के लोग देख रहे हैं कि कैसे परिवार संचालित पार्टियां अपने कल्याण में रुचि रखती हैं। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने गरीबों की समस्याओं की कभी परवाह नहीं की।  उन्होंने कहा कि देश ने देखा है कि कैसे भ्रष्टाचार एक परिवार को समर्पित राजनीतिक दलों का चेहरा बन जाता है।

Advertisement

यह याद करते हुए कि दशकों से चले आ रहे अलग राज्य के आंदोलन के दौरान तेलंगाना के उज्ज्वल भविष्य के लिए हजारों लोगों ने अपने जीवन का बलिदान दिया था, मोदी ने कहा कि यह विरोध तेलंगाना के विकास के सपनों को कुचलने के लिए एक परिवार के लिए नहीं था।

बता दें कि राज्य को 2014 में तत्कालीन एकीकृत आंध्र प्रदेश से अलग कर बनाया गया था। मोदी इससे पहले यहां इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) के 20वें वर्ष समारोह में भाग लेने के लिए शहर पहुंचे थे। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Narendra Modi, Parivarvad, Enemy, TRS, Telangana, Narendra Modi, BJP, Congress
OUTLOOK 26 May, 2022
Advertisement