Advertisement
20 January 2020

बंगाल भाजपा अध्यक्ष बोले- '50 लाख मुस्लिम घुसपैठियों को सूबे से करेंगे बाहर’

देश भर में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और नेशनल रजिस्टर ऑफ इंडिया (एनआरसी) विरोधी प्रदर्शनों के बीच पश्चिम बंगाल भाजपा प्रमुख दिलीप घोष ने कहा कि जरूरत पड़ने पर 50 लाख मुस्लिम घुसपैठियों की पहचान की जाएगी और उनको बाहर निकाला जाएगा।

उत्तर 24 परगना जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "50 लाख मुस्लिम घुसपैठियों की पहचान की जाएगी, अगर जरूरत पड़ी तो उनका देश से बाहर किया जाएगा।"

ममता पर वार- जीतेंगे 200 सीटें

Advertisement

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी का विरोध करने को लेकर उन्होंने कहा, "सबसे पहले, मुस्लिम घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए जाएंगे, फिर दीदी (ममता बनर्जी) किसी को भी खुश नहीं कर पाएंगी।" उन्होंने कहा कि 2021 के राज्य विधानसभा चुनावों में मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम हटाने की प्रक्रिया के बाद बनर्जी के वोटों की संख्या में कमी होगी। उन्होंने कहा, एक बार ऐसा करने के बाद दीदी के वोट कम हो जाएंगे और आने वाले चुनावों में हमें 200 सीटें मिलेंगी, उन्हें 50 सीटें भी नहीं मिलेंगी।"

सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को नहीं बख्शा जाएगा

देशभर में सीएए और एनआरसी के खिलाफ चल रहे विरोध के लिए विपक्षी दलों पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, "वे  घुसपैठियों के लिए आंसू बहा रहे हैं।" गौरतलब है कि घोष ने पिछले हफ्ते सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को गोली मारने की धमकी देकर विवाद खड़ा कर दिया था। उन्होंने अपनी टिप्पणी को यह कहते हुए दुहराया कि ऐसे लोगों को "कभी बख्शा नहीं जाएगा।" गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में कई विरोध प्रदर्शन हुए, जिनमें से कई हिंसक हुए और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

टीएमसी ने क्या कहा?

घोष की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी स्वप्न लोक में रह रही है। तृणमूल महासचिव ने कहा, ‘‘उन्हें अबतक यह समझ नहीं आयी है कि देश की जनता ने नरेंद्र मोदी-अमित शाह की पार्टी की तरफ से मुंह फेर लिया है।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: 50 lakh Muslim, infiltrators, identified, chased out, India, Dilip Ghosh
OUTLOOK 20 January, 2020
Advertisement