Advertisement
14 February 2016

सीपीएम मुख्यालय पर युवकों के एक समूह ने किया हमला

twitter

संसद हमले के दोषी अजफल गुरू को फांसी के खिलाफ जेएनयू परिसर में हुए कार्यक्रम के बाद उपजे विवाद की पृष्ठभूमि में रविवार को मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी के मुख्यालय पर कुछ लोगों ने हमला किया। हालांकि पुलिस ने हमला करने वालों में से एक युवक को हिपासत में ले लिया है। माकपा ने कहा है कि हमलावर आरएसएस-भाजपा के कार्यकर्ता थे जिन्होंने पत्थर भी फेंके, जबकि पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवक ने दावा किया है कि वह आम आदमी सेना नामक संगठन का सदस्य है। नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त जतिन नरवाल ने कहा कि तीन युवक माकपा के दफ्तर आए और उन्होंने भवन की दीवारों पर काली स्याही फेंकी। उनमें से दो भागने में कायमाब रहेजबकि एक को माकपा कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने कहा कि युवक की पहचान सुशांत खोसला के तौर पर हुई है। उसने पुलिस से कहा है कि वह आम आदमी सेना का सदस्य है। हमने मामले के बाबत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच की जा रही है।

 

हमले की पुष्टि करते हुए माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि उन्होंने हमारे कार्यालय बोर्ड पर पाकिस्तान जिंदाबाद जैसे नारे लिखने की कोशिश की। उनको हमारे कार्यकर्ताओं ने खदेड़ा और उनमें से एक को पकड़ लिया, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। उन्होंने कहा, हम इस हमले की निंदा करते हैं। महात्मा गांधी के हत्यारे की पूजा करने वाली आरएसएस सबसे ज्यादा धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक बल माकपा की अब राष्ट्र विरोधी के तौर पर ब्रांडिंग कर रही है। येचुरी ने कहा कि देश में सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों को लेकर जो अव्यवस्था वे लेकर आए हैं, उससे ध्यान हटाने के लिए आरएसएस ऐसा कर रही है। वह सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के जरिए लोगों का ध्यान हटाना चाहते हैं। भाकपा के राष्ट्रीय सचिव डी राजा ने माकपा के दफ्तर पर हुए हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि संघ परिवार हमारी लोकतांत्रिक राजनीतिक व्यवस्था और हमारी राजनीति की संवैधानिक व्यवस्था को नष्ट नहीं कर सकती है। राजा ने कहा कि अगर वे कुछ बहस करना चाहते हैं तो बहस करें, लेकिन उन्हें ऐसे कायराना और असभ्य हमले नहीं करने चाहिए।

Advertisement

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: माकपा, मुख्यालय, दिल्ली, राजधानी, हमला, जेएनयू विवाद, सीताराम येचुरी, डी राजा, भाकपा, जतीन नरवाल
OUTLOOK 14 February, 2016
Advertisement