Advertisement
07 April 2019

‘अब होगा न्याय’, लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने दिया नारा

कांग्रेस ने रविवार को लोकसभा चुनावों के लिए अपने चुनावी अभियान का नारा 'अब होगा न्याय' लॉन्च किया। इस दौरान कांग्रेस ने कहा कि समाज का हर वर्ग न्याय मांग रहा है। सरकार ने लोगों को सपने दिखा कर उसे चकनाचूर कर दिया है। अब कांग्रेस इस थीम के साथ जनता के बीच जाएगी। इससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने 'कांग्रेस का हाथ आम आदमी के साथ' का नारा दिया था।

इस दौरान कांग्रेस ने 'अब होगा न्याय' का पोस्टर भी लॉन्च किया। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा और प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रेसवार्ता कर इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 'देश ने अच्छे दिन नहीं, खराब दिन देखे। देश की हालत खराब रही।'

यह घोषणा करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि कि कांग्रेस का अभियान 'न्याय ’के आसपास केंद्रित होगा, यह शब्द न केवल पार्टी की प्रस्तावित न्यूनतम आय गारंटी योजना के लिए है बल्कि समाज के सभी वर्गों को न्याय प्रदान करता है। आनंद शर्मा ने कहा कि नौजवान, रोजगार के लिए न्याय मांगता है। उन्होंने कहा कि समाज का हर वर्ग न्याय मांग रहा है। सरकार ने लोगों को सपने दिखा कर उसे चकनाचूर कर दिया है. शर्मा ने कहा कि समाज का हर वर्ग उत्पीड़ित हुआ है।

Advertisement

कांग्रेस ने किया ट्वीट

कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया गया - 'गरीबी पर वार होगा, सपना ये साकार होगा। कांग्रेस सरकार में, सशक्त गरीब परिवार होगा।'


जावेद अख्तर ने लिखा गीत

उन्होंने कहा कि थीम गीत जावेद अख्तर द्वारा लिखा गया है और अभियान वीडियो निखिल आडवाणी द्वारा फिल्माया गया है।

न्याय के सहारे कांग्रेस

कांग्रेस की न्याय योजना के वादे को इस लोकसभा चुनाव में बड़ा दांव माना जा रहा है। कांग्रेस एक ओर जहां न्याय से गरीबों को सालाना 72000 रुपये देने का वादा कर रही है तो वहीं वह समाज के सभी वर्गों को भी न्याय देने की बात कर रही है। घोषणापत्र के पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 'न्याय' का ऐलान कर दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर वे सत्ता में आते हैं तो देश के 20 फीसदी गरीब परिवारों को हर साल 72 हजार रुपये सालाना राशि उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए कांग्रेस पार्टी 'न्यूनतम आय योजना' (NYAY) शुरू करेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ab Hoga Nyay, Congress, campaign slogan, Lok Sabha elections
OUTLOOK 07 April, 2019
Advertisement