Advertisement
28 May 2025

अभिनेता कमल हासन को कन्नड़ के प्राचीन इतिहास की जानकारी नहीं: सीएम सिद्धारमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को कहा कि कन्नड़ भाषा का इतिहास बहुत पुराना है और अभिनेता कमल हासन को इसकी जानकारी नहीं है।

मुख्यमंत्री का यह बयान हासन की हाल की उस टिप्पणी के जवाब में आया है, जो उन्होंने चेन्नई में अपनी आगामी फिल्म 'ठग लाइफ' के ऑडियो लॉन्च के अवसर पर कही थी, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि 'तमिल ने कन्नड़ को जन्म दिया।'

सिद्धारमैया ने संवाददाताओं से कहा, "कन्नड़ भाषा का इतिहास बहुत पुराना है। वह (कमल हासन) नहीं जानते।"

Advertisement

इस टिप्पणी से कन्नड़ समर्थक कई संगठनों में रोष फैल गया है। इन समूहों ने राज्य के बेलगावी, मैसूर हुबली, बेंगलुरु समेत कई जगहों पर हसन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि कन्नड़ का इतिहास हज़ारों साल पुराना है। अपने गुस्से का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने बेलगावी और कुछ अन्य जगहों पर कमल हसन के पोस्टर जलाए और उनके खिलाफ़ नारे लगाए।

अभिनेता-राजनेता के बयान की निंदा करते हुए प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि वह राज्य के लोगों से माफी मांगें। उन्होंने यहां तक धमकी दी है कि यदि वह माफी नहीं मांगते हैं तो वे राज्य में उनकी फिल्म 'ठग लाइफ' के प्रदर्शन में बाधा डालेंगे।

कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने मंगलवार को कमल हासन पर अपनी मातृभाषा को महिमामंडित करने के प्रयास में कन्नड़ का "अनादर" करने का आरोप लगाया था।

उन्होंने यह भी मांग की कि अभिनेता "कन्नड़ लोगों से तुरंत बिना शर्त माफी मांगें"।

TAGS: Actor kamal haasan, cm siddharamaiah, tamilnadu, kannad language controversy
OUTLOOK 28 May, 2025
Advertisement