Advertisement
23 April 2019

भाजपा में शामिल हुए बॉलीवुड एक्टर सनी देओल, गुरदासपुर से लड़ सकते हैं चुनाव

ANI

फिल्म अभिनेता सनी देओल मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए हैं। माना जा रहा है कि भाजपा सनी को गुरदासपुर से अपना प्रत्याशी बना सकती है। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर रेल मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद थे। इसके पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ सनी देओल की मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई जिसके बाद अभिनेता के भाजपा में शामिल होने की अटकलों ने जोर पकड़ा।

राजनीति में मेरी बातें नहीं बल्कि काम बोलेगा

भाजपा में शामिल होने के बाद सन्नी देओल ने कहा, 'जिस तरह से मेरे पापा अटल जी के साथ जुड़े थे उसी तरह मैं मोदी जी से जुड़ने आया हूं। मैं चाहता हूं कि मोदी जी दोबारा प्रधानमंत्री बनें। राजनीति में मेरी बातें नहीं बल्कि काम बोलेगा। मैं काम करके दिखाऊंगा।' 

Advertisement

भाजपा की परंपरांगत सीट रही है गुरदासपर

इस सीट पर अभिनेता विनोद खन्ना 1998, 1999, 2004 और 2014 में विजयी हुए लेकिन 2017 में उनके निधन के बाद उपचुनाव में कांग्रेस के सुनील जाखड़ ने जीत हासिल की। सन्नी देओल के परिवार का सियासत से नाता काफी पुराना है। गुरदासपर भाजपा की परंपरांगत सीट रही है।

2014 के लोकसभा चुनाव में विनोद खन्ना ने कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा को हराया था। इस सीट पर विनोद खन्ना को 4,82,255 और बाजवा को 3,46,190 वोट मिले थे।

देओल परिवार के तीसरे सदस्य की राजनीति में एंट्री

सनी देओल के पिता धर्मेंद्र बिकानेर से भाजपा के सांसद रहे हैं जबकि मां हेमा मालिनी मथुरा से दूसरी बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। ये देओल परिवार के तीसरे सदस्य हैं जिन्होंने राजनीति में एंट्री ली है।  

अक्षय कुमार की भी राजनीति में शामिल होने की अटकलें थीं

भाजपा में सन्नी देओल के शामिल होने के अलावा अभिनेता अक्षय कुमार की भी राजनीति में शामिल होने की अटकलें थीं लेकिन अक्षय ने अपने एक ट्वीट में कहा कि वह राजनीति में शामिल नहीं हो रहे हैं। पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का गठबंधन है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Actor Sunny Deol, joins, Bharatiya Janata Party, presence, Union Ministers, Piyush Goyal, Nirmala Sitharaman
OUTLOOK 23 April, 2019
Advertisement