Advertisement
10 September 2019

अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, गुटबाजी का लगाया आरोप

File Photo

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका लगा है। एक्ट्रेस से पॉलीटिशयन बनीं उर्मिला मातोंडकर ने मंगलवार को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया। मुंबई कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी से नाराज उर्मिला ने कहा कि मेरी राजनीतिक और सामाजिक संवेदनाएं बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए हैं, लेकिन मुंबई कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति के कारण मैं ऐसा कर नहीं पा रही हूं।

लोकसभा चुनाव में हार के बाद उर्मिला ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर लगाया था आरोप

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर उत्तरी मुंबई सीट से चुनाव में हार का सामना करने वाली उर्मिला मातोंडकर ने प्रचार में पार्टी कार्यकर्ताओं पर सहयोग न करने का आरोप लगाया था। उर्मिला ने अपने लोकसभा क्षेत्र के स्थानीय नेताओं पर हार का ठीकरा फोड़ दिया था। उन्होंने दावा किया था कि स्थानीय स्तर पर पार्टी नेतृत्व की विफलता और मुंबई इकाई में असहयोग ने उनके चुनाव प्रचार में बाधाएं पैदा कीं।

Advertisement

मुम्बई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा को लिखा था पत्र

दरअसल, उर्मिला मातोंडकर ने तत्कालीन मुम्बई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा को पत्र लिखकर अपनी हार के लिए स्थानीय नेताओं की काबिलियत, कमजोर प्लानिंग, कार्यकर्ताओं की बेरुखी और पैसों की कमी की शिकायत की थी। उन्होंने यह पत्र 16 मई को लिखा था।

इन दो नेताओं को ठहराया था जिम्मेदार

पत्र में उर्मिला ने अपने चुनाव प्रचार के लिए नियुक्त चीफ कॉर्डिनेटर सन्देश कोंडविलकर और दूसरे पदाधिकारी भूषण पाटिल और जिला अध्यक्ष अशोक सूत्राले को जिम्मेदार ठहराया था। पत्र में उर्मिला ने कहा था कि उन्होंने जीत के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन कांग्रेस संगठन से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला, खासकर ऊपर नाम लिखे नेताओं से। राजनीति में पहली बार हाथ आजमा रहीं उर्मिला को कांग्रेस ने उत्तरी मुंबई से टिकट दिया था, लेकिन उनको बीजेपी के गोपाल शेट्टी ने हरा दिया।

कांग्रेस के पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया

राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भी इस्तीफा दे दिया था। इसी कड़ी में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष से मिलिंद देवड़ा ने इस्तीफा दे दिया था। देवड़ा ने इस साल के आखिर में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव तक नगर पार्टी इकाई के कामकाज की देखरेख के लिए कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं की सदस्यता वाला अस्थायी सामूहिक नेतृत्व (समिति) गठित करने की सिफारिश की थी।

कांग्रेस के साथ अपना सियासी सफर शुरू किया था

गौरतलब है कि बाल कलाकार के रुप में अपने फिल्मी सफर की शुरुआत करने वाली बॉलीवुड अदाकारा उर्मिला मातोंडकर ने कांग्रेस के साथ अपना सियासी सफर शुरू किया था। उन्होंने कई हिट फिल्में की हैं। फिल्मी पर्दे पर वह आखिरी बार फिल्म ब्लैकमेल में एक आइटम डांस करती नजर आईं थीं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Actor-turned-politician, Urmila Matondkar, resigns, from Congress party.
OUTLOOK 10 September, 2019
Advertisement