Advertisement
10 November 2015

करारी हार के बाद भाजपा में उभरे विरोध के स्वर

आउटलुक

फिल्म अभिनेता ओर पटना से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के बगावती सुरों के बाद अब पार्टी के बेगुसराय से सांसद भोला सिंह ने बिहार विधानसभा के चुनाव में पार्टी के तौर-तरीकों और केंद्रीय नेतृत्व के ऊपर सवाल खड़ा किया है। उन्हेंने जोर देकर कहा कि इस चुनाव में भाजपा हारी नहीं है, बल्कि उसने आत्महत्या कर ली है। सिंह ने बिहार में हार के लिए सीधे तौर पर पार्टी नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया है। करीब 50 सालों से बिहार की राजनीति में सक्रिय और दो बार से सांसद भोला सिंह ने परोक्ष रुप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि हार की जिम्मदारी सेनापति की हेती है। उन्होने कहा कि केंद्र ने बिहार को यही संदेश दिया है कि बिहार में भाजपा का कोई स्थापित नेतृत्व नहीं है। सिंह ने चुनाव के दौरान की गई बयानबाजी और भाषणों को भी पार्टी की हार का कारण बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने चुनाव के दौरान अपने भाषणों में कभी कोई मर्यादा का उल्लंघन नही किया जबकि भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री से लेकर सभी नेता मर्यादा तोड़ते रहे। उन्हेंने कहा कि भाजपा रास्ते से भटकी, इसलिए उसे गिरना ही था।

 

बताया जा रहा है कि सिंह को अपने ही संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में विधानसभा चुनाव के दौरान महत्व नहीं दिया गया। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राजग बेगूसराय जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में से एक भी सीट नहीं जीत पाई। सांसद सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव में हार के लिए सेनापति को जिम्मेदार ठहराते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री और नवादा से सांसद गिरिराज सिंह पर बीफ और पाकिस्तान में पटाखे फोड़े जाने की उनकी टिप्पणी को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता ने इसे अपने अपमान के रूप में लिया। गिरिराज के बारे में सिंह ने सवाल किया कि क्या वह भाजपा के अधिकृत प्रवक्ता हैं और किस हैसियत से उन्होंने ऐसे बयान दिए? 

Advertisement

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: बिहार, विधानसभा चुनाव, भाजपा, राजनीति, अमित शाह, नरेंद्र मोदी, भोला सिंह, नीतीश कुमार, शत्रुघ्न सिन्हा, Bihar, Election, BJP, Politics, Amit Shah, Narendra Modi, Bhola Singh, Nitish Kumar
OUTLOOK 10 November, 2015
Advertisement