Advertisement
24 June 2022

लोकसभा चुनाव के बाद उत्तरी कर्नाटक होगा अलग राज्य; प्रधानमंत्री इस पर कर रहे हैं विचार: मंत्री

कर्नाटक के एक मंत्री ने कहा है कि 2024 के आम लोकसभा चुनाव के बाद देश में 50 राज्य होंगे और उत्तर कर्नाटक नए राज्यों में से एक होगा।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के प्रभारी उमेश कट्टी ने यहां संवाददाताओं से कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 के चुनावों के बाद देश में 50 राज्य बनाने का फैसला किया है। मुझे पता चला कि वह इस पर विचार कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि राज्य को विभाजित करने का विचार अच्छा है क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में जनसंख्या का बोझ बढ़ा है। कट्टी ने एक कार्यक्रम से इतर कहा, “ऐसा विचार अच्छा है क्योंकि जनसंख्या बढ़ रही है, और उस क्षेत्र (उत्तर कर्नाटक) को भी विकास देखना चाहिए। उत्तर कर्नाटक को एक राज्य बनना चाहिए और विकसित होना चाहिए। हम कन्नडिग बने रहेंगे लेकिन अगर राज्य (कर्नाटक) का बंटवारा हो गया तो कोई नुकसान नहीं है।"

जनसंख्या में वृद्धि को देखते हुए 50 राज्यों के गठन का विचार अच्छा बताते हुए कट्टी ने कहा कि यह पिछले 60 वर्षों में दो करोड़ से बढ़कर 6.5 करोड़ हो गया है।

मंत्री ने कहा, "कर्नाटक से दो राज्य, उत्तर प्रदेश में चार, महाराष्ट्र में तीन और इसी तरह के अन्य राज्य बनाए जाने चाहिए।"

कट्टी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि उत्तर कर्नाटक को अलग राज्य का दर्जा देने के लिए सरकार के स्तर पर कोई प्रस्ताव नहीं है। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, "यह पहली बार नहीं है जब उमेश कट्टी ने इसके बारे में बात की है। वह कई सालों से कह रहे हैं। उन्हें खुद इस सवाल का जवाब देना चाहिए।"

कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने कहा कि कट्टी का बयान कोई मुद्दा नहीं है। अशोक ने बेंगलुरु में कहा, “कट्टी यह कह रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने उत्तर कर्नाटक को अलग राज्य का दर्जा देने की बात कही है। वह अब तक इसे 100 से अधिक बार कह चुके हैं। कर्नाटक एक है। कई कन्नडिगाओं ने एकजुट कर्नाटक बनाने के लिए संघर्ष किया है।”
उन्होंने कहा कि बोम्मई इस मुद्दे पर कट्टी से चर्चा करेंगे।

Advertisement

TAGS: Karnataka Minister, north Karnataka, Umesh Katti, north K'taka to be separate State
OUTLOOK 24 June, 2022
Advertisement