Advertisement
10 July 2025

'प्लेन क्रैश के बाद अब पुल हादसा...भाजपा नेतृत्व पूरी तरह विफल', कांग्रेस चीफ खड़गे ने लगाया आरोप

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को भाजपा नेतृत्व और केंद्र सरकार पर शासन के नाम पर "उदासीनता की सभी सीमाएं" पार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गुजरात पुल ढहने और अहमदाबाद विमान दुर्घटना जैसी हालिया त्रासदियां "नेतृत्व संकट", "व्यापक भ्रष्टाचार" और "अक्षमता" का परिणाम हैं।

उनकी यह टिप्पणी बुधवार को गुजरात के वडोदरा ज़िले में गंभीरा पुल का एक बड़ा हिस्सा ढह जाने के बाद आई है। यह घटना पिछले महीने अहमदाबाद में हुए घातक विमान हादसे के ठीक बाद हुई है, जिसमें 240 से ज़्यादा लोगों की जान चली गई थी।

खड़गे ने एक्स को लिखा, "देश में दुर्घटनाएं आम बात हो गई हैं। कभी रेल हादसा, तो कभी उद्घाटन के तुरंत बाद पुल में दरारें। देश अभी विमान हादसे से उबर भी नहीं पाया था कि कल गुजरात में एक पुल के ढहने की खबर आ गई। 12 बेगुनाहों की जान चली गई।"

Advertisement

उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की तथा एक रिपोर्ट का हवाला दिया जिसमें तीन वर्ष पहले चेतावनी दी गई थी कि पुल "कंपन" के कारण "खतरनाक" स्थिति में है।

खड़गे ने आरोप लगाया, "रिपोर्टों के अनुसार, तीन साल पहले कहा गया था कि "कंपन" के कारण पुल की स्थिति "खतरनाक" है। फिर भी, कुछ नहीं किया गया। 2021 के बाद से, गुजरात में पुल गिरने की यह 7वीं घटना है।"

खड़गे ने कहा, "शासन के नाम पर सिर्फ़ भाषणों और विज्ञापनों में व्यस्त भाजपा नेतृत्व और सरकार ने उदासीनता की सारी हदें पार कर दी हैं। यह नेतृत्व संकट, व्याप्त भ्रष्टाचार, सरकार चलाने की क्षमता की कमी और अक्षमता का नतीजा है।"

उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि देश की जनता इसे देख रही है और समय आने पर उचित प्रतिक्रिया देगी।"

इस बीच, गुजरात के वडोदरा ज़िले में गंभीरा पुल ढहने की घटना में तीन और शव बरामद होने के साथ ही मृतकों की संख्या गुरुवार को बढ़कर 15 हो गई। अधिकारियों के अनुसार, चार लोग अभी भी लापता हैं और बचाव अभियान जारी है।

यह घटना तब घटी जब वडोदरा और आणंद को जोड़ने वाले पुल का एक हिस्सा टूटकर नीचे महिसागर नदी में गिर गया।

वडोदरा के कलेक्टर अनिल धमेलिया ने संवाददाताओं को बताया, "आज तीन और शव बरामद होने के साथ ही मृतकों की संख्या 15 हो गई है। चार लोग अभी भी लापता हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) चार किलोमीटर नीचे तक खोज और बचाव अभियान चला रहे हैं।"

उन्होंने आगे बताया कि घटनास्थल पर दो गाड़ियाँ कीचड़ में फँसी हुई हैं। हम जनता से उन गाड़ियों के बारे में जानकारी माँग रहे हैं। उन्होंने कहा, "बारिश हो रही है और नदी का जलस्तर बढ़ गया है।"

टूटे हुए पुल से लटके एक ट्रक के बारे में धमेलिया ने कहा, "यह एक खाली टैंकर है। अगर हम इसे हिलाएंगे तो यह गिर सकता है। इसे स्थिर करने के प्रयास जारी हैं, क्योंकि नीचे बचाव कार्य चल रहा है।"

वडोदरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहन आनंद ने बुधवार को बताया कि पुल के बीचों-बीच 10-15 मीटर का स्लैब ढह गया, जिससे दो ट्रक, दो पिकअप वैन और एक रिक्शा नदी में बह गए। पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से पर दो वाहन अभी भी फंसे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक नौ लोगों को बचा लिया गया है, जिनमें से पाँच को एसएसजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उन्होंने कहा, "बचाए गए लोगों में से किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।" 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress president, mallikarjun kharge, bjp leadership failed, Gujarat bjp government, Ahmedabad plane crash, vadodara bridge collapse
OUTLOOK 10 July, 2025
Advertisement