Advertisement
15 June 2025

अहमदाबाद विमान दुर्घटना: डीएनए टेस्ट से हुई विजय रूपाणी की पहचान, राजकीय शोक का हुआ ऐलान

अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या ए-171 की दुखद दुर्घटना के तीन दिन बाद, जिसमें अब तक 270 लोगों की मौत हो चुकी है, अस्पताल अधिकारियों ने रविवार को डीएनए मिलान के माध्यम से गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की पहचान की पुष्टि की।

राज्य सरकार ने रूपाणी के सम्मान में सोमवार को राजकीय शोक की घोषणा की है, जिसमें राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

रूपाणी का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। सरकार ने कहा, "उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए राजकोट ले जाया जाएगा।"

Advertisement

एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है, "गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का 12 जून को निधन हो गया। उनके सम्मान में सरकार ने निर्णय लिया है कि 16 जून (सोमवार) को पूरे गुजरात में एक दिन का राजकीय शोक रहेगा। शोक के दिन पूरे राज्य में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा...और इस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा।"

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने संवाददाताओं को बताया, "रूपाणी का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह परिवार को सौंप दिया जाएगा। दोपहर में उनके पार्थिव शरीर को उनके गृहनगर राजकोट ले जाया जाएगा।"

उन्होंने बताया कि रूपाणी के पार्थिव शरीर को लगभग एक घंटे तक उनके घर पर रखा जाएगा, उसके बाद शाम को अंतिम संस्कार के लिए जुलूस निकाला जाएगा।

गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने दिन में यहां संवाददाताओं को बताया, ‘‘गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का डीएनए नमूना सुबह 11.10 बजे (उनके परिवार के सदस्यों के डीएनए नमूने से) मेल खा गया।’’

ऋषिकेश पटेल ने कहा, "मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रूपाणी के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें डीएनए मैच के बारे में जानकारी दी।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ahmedabad plane crash, dna test match, state mourning, vijay rupani, former cm gujarat
OUTLOOK 15 June, 2025
Advertisement