Advertisement
26 May 2017

मोदी के आगे नतमस्तक सारे भाजपाई सीएम

गूगल

 दिल्ली के अधिकांश अखबारों में आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार द्वारा दिया गया विज्ञापन छपा है जिसमें चौहान ने सरकार के तीन साल पूरे होने पर नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। वैसे खुद केंद्र सरकार ने भी आज देश के सभी बड़े अखबारों में एक साथ विज्ञापन देकर तीन साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई हैं।

विज्ञापन देने के मामले में शिवराज से पिछड़े बाकी मुख्यमंत्रियों में इसके बाद मोदी को बधाई देने की होड़ लग गई। आज यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्विटर पर मोदी को इस बात की बधाई दी कि उन्होंने जनता से किए वादों को बखूबी पूरा किया है। योगी ने लिखा, मैं उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को तीन साल के गुड गवर्नेंस और विकास के लिए बधाई देता हूं।

इसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी एक के बाद एक कई ट्वीट करके लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले तीन साल में एनडीए सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और जिम्मेदार शासन का नजारा देखा है।

Advertisement

इसके बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भी ट्वीट के जरिये मोदी को बधाई दी। मगर इस सूची में सबसे खास नाम है राजस्‍थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का। राजनीतिक हलकों में माना जाता है कि राजे पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को खास भाव नहीं देतीं क्योंकि राजस्‍थान की राजनीति पर उनकी मजबूत पकड़ है। अतीत में भी एक से अधिक मौकों पर मुख्यमंत्रियों की मोदी के साथ बैठक के दौरान राजे अनुपस्थित रही हैं। आज मोदी को बधाई देने में तो राजे ने उत्साह दिखाया ही है, केंद्र सरकार के तीन साल पूरे होने पर अलग-अलग राज्यों में होने वाले कार्यकमों में से कुछ कार्यक्रमों में भी वो शिरकत करेंगी।

राजे ने आज ट्वीट किया, ‘टीम इंडिया और पीएम नरेंद्र मोदी जी को तीन साल के शानदार कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।’ उन्होंने मोदी सरकार के तीन साल को 3 साल बेमिसाल की संज्ञा भी दी। गौरतलब है कि इन सभी मुख्यमंत्रियों में अधिकांश राजनीति में या तो मोदी के समकक्ष रहे हैं। इसके बावजूद आज पीएम मोदी का कद इतना बड़ा हो गया है कि उनके सामने नतमस्तक होने में ही इन सभी को अपना भविष्य दिख रहा है।

TAGS: भाजपा, प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री, सरकार, तीन साल, शिवराज सिंह चौहान, वसुंधरा राजे, योगी आदित्यनाथ
OUTLOOK 26 May, 2017
Advertisement