Advertisement
03 July 2021

कौन हैं पुष्कर सिंह धामी, जिन पर भाजपा ने लगाया है बड़ा दांव

पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड का नया मुख्यमंत्री बनाया गया है। चार महीने के भीतर उत्तराखंड को फिर से नया मुख्यमंत्री मिला है। इस साल के ये तीसरे सीएम हैं। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे के बाद शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दलों की बैठक हुई, जिसमें पुष्कर सिंह धामी के नाम पर मुहर लगाई गई है। उन्हें विधायक दलों का नेता चुना गया है। पुष्कर सिंह धामी खटीमा से विधायक हैं, जो उधम सिंह नगर जिले में आता है। 

केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर ने धामी के चुने जाने की घोषणा की है। एएनआई के मुताबिक पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मेरी पार्टी ने एक पूर्व सैनिक के बेटे, आम कार्यकर्ता को नियुक्त किया है, जो राज्य की सेवा के लिए पिथौरागढ़ में पैदा हुआ था। हम लोगों के कल्याण के लिए मिलकर काम करेंगे। हम लोगों की सेवा करने की चुनौती को स्वीकार करते हैं।"

धामी उधम सिंह नगर जिले के खटीमा निर्वाचन क्षेत्र से दो बार के विधायक हैं। उन्हें भगत सिंह कोश्यारी और संघ का करीबी माना जाता है। कोश्यारी महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

Advertisement

विधानसभा चुनाव होने में करीब आठ महीने बच गए हैं। अब देखना होगा कि अगले चुनाव के चेहरे के तौर पर पुष्कर सिंह धामी पर भाजपा विश्वास दिखाती है या किसी और को मौका मिल सकता है। धामी के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं। विधायक दलों की बैठक के साथ चर्चा इस बात की भी थी कि त्रिवेंद्र सिंह रावत को फिर से सीएम बनाया जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दरअसल, तीरथ सिंह रावत से पहले त्रिवेंद्र सिंह रावत को भी पार्टी के भीतर विधायकों की असंतुष्टता की वजह से इस्तीफा देना पड़ा था। वहीं, तीरथ सिंह रावत सीएम बनने के साथ ही अपने कई बेतुके बयानों की वजह से सुर्खियों में रहे थे।

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Uttarakhand, CM Pushakar Singh Dhami, BJP, Tirath Singh Rawat, Trivendra Singh Rawat
OUTLOOK 03 July, 2021
Advertisement