Advertisement
16 July 2015

राजग ने बिहार में फूंका चुनावी बिगुल

राजग ने बिहार में फूंका चुनावी बिगुल | आउटलुक

 राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए परिवर्तन रथ को हरी झंडी दिखाने से पहले एेतिहासिक गांधी मैदान में राजग की रैली में शाह ने कहा कि नीतीश कुमार ने सत्ता के लिए कांग्रेस से हाथ मिलाकर अपने मार्गदर्शक जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर जैसे समाजवादी नेताओं के सपनों को तोड़ा है।

नीतीश कुमार पर चुटकी लेते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, आपने जार्ज फर्नाडिस और जीतन राम मांझी के साथ क्या किया ? कुमार पर 2010 के चुनाव में राजग को लोगों द्वारा दिये गए जनादेश पर खंजर चलाने का आरोप लगाते हुए शाह ने सत्ता के लिए चिर प्रतिद्वंदी लालू प्रसाद से हाथ मिलाने पर भी उन पर कटाक्ष किया। राजग की रैली में मंच पर विभिन्न दलों के शीर्ष नेताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन किया।

मंच पर अमित शाह के साथ लोजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, पूर्व मुख्यमंत्री और हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा के नेता जीतन राम मांझी, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्राी अनंत कुमार और राष्ट्रीय एवं प्रदेश भाजपा के कई नेता मौजूद थे। शाह ने 160 रथों को हरी झंडी दिखायी।  

Advertisement

ये रथ बिहार के विभिन्न हिस्सों में जायेंगे और केंद्र में राजग सरकार के दौरान हुए विकास के संदेश को फैलायेंगे, साथ ही नीतीश कुमार और लालू प्रसाद के गठजोड़ का फर्दाफाश करेंगे जिसे भाजपा ने अपवित्र करार दिया है। नीतीश कुमार, लालू प्रसाद और कांग्रेस के धर्मनिरपेक्ष गठबंधन की धुंधली तस्वीर पेश करते हुए शाह ने पिछले एक वर्ष में मोदी सरकार के कामकाज को रेखांकित किया और कहा कि बिहार में भविष्य की राजग सरकार इसे दोहरायेगी।

TAGS: राजग, बिहार, भाजपा, अमित शाह, विधानसभा चुनाव, नीतीश कुमार, nitish kumar, amit saha, bjp, nda, jdu, lalu yadav
OUTLOOK 16 July, 2015
Advertisement