Advertisement
02 November 2019

येदियुरप्पा के लीक हुए वीडियो में दावा- कांग्रेस-जेडीएस सरकार गिराने की योजना अमित शाह ने बनाई थी

PTI

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा का एक कथित वायरल वीडियो हुआ है। इसमें येदियुरप्पा ने कहा है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के निर्देश पर कांग्रेस-जेडीएस विधायकों की खरीद-फरोख्त हुई और गठबंधन सरकार गिराने की योजना बनाई गई थी। बागी विधायकों के चलते कर्नाटक की 14 महीने पुरानी कांग्रेस-जेडीएस की सरकार 23 जुलाई 2019 को गिर गई थी। हालांकि आउटलुक इस वीडियो की प्रामाणिकता को सत्यापित नहीं करता है।

कार्यकर्ताओं से बागियों के साथ अच्छा व्यवहार करने का आग्रह

वीडियो में येदियुरप्पा पार्टी कार्यकर्ताओं से उन 17 बागी विधायकों के साथ अच्छा व्यवहार करने के लिए कह रहे हैं जिन्होंने कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार गिराने में मदद की। वह कहते हैं, “17 जेडीएस और कांग्रेस विधायकों के इस्तीफा देने का फैसला भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने लिया था और पार्टी कार्यकर्ताओं को बागी विधायकों के ‘बलिदान’ का सम्मान करना चाहिए।”

Advertisement

मुंबई में बागी विधायकों के ठहरने का इंतजाम अमित शाह ने किया था

वीडियो में येदियुरप्पा कह रहे हैं, “अमित शाह ही थे जिन्होंने पूरी योजना बनाई। मुंबई के होटल में बागी विधायकों के ठहरने की व्यवस्था  भी मैंने नहीं, बल्कि शाह ने कराई थी।” वीडियो क्लिप में बागी विधायकों का समर्थन नहीं करने पर येदियुरप्पा पार्टी सदस्यों के प्रति नाराजगी भी व्यक्त कर रहे हैं। वह कहते हैं, "मैंने हुबली में एक विशेष निर्वाचन क्षेत्र के बारे में विस्तार से चर्चा की है। जो लोग जिम्मेदार कार्यकर्ता हैं, उन्हें ऐसा नहीं बोलना चाहिए (बागी विधायकों के बारे में)। पार्टी के हित में, उन्हें हर किसी का समर्थन करना चाहिए।"

कांग्रेस ने साझा किया वीडियो, सुप्रीम कोर्ट जाएगी

यह वीडियो कर्नाटक के कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडू राव ने ट्विटर पर साझा किया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने कर्नाटक में निर्वाचित जेडीएस-कांग्रेस सरकार को गिराया। इस पर कांग्रेस ने पीएम मोदी से जवाब मांगा है। कांग्रेस के अनुसार येदियुरप्पा का दावा है कि तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष द्वारा अयोग्य ठहराए गए बागी विधायकों को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलेगी। कांग्रेस इन नए सबूतों के साथ सुप्रीम कोर्ट में जाएगी। कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री, शाह और भाजपा विपक्षी विधायकों को तोड़ने और दूसरी पार्टियों की सरकार को गिराने के लिए सीबीआई, ईडी, आईटी सभी सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Amit Shah, Planned, Supervised, Operation Kamala, Yediyurappa, Leaked, Video
OUTLOOK 02 November, 2019
Advertisement