Advertisement
10 November 2018

छत्तीसगढ़ के लिए भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र, किसानों, युवाओं और महिलाओं पर फोकस

ANI

 

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रायपुर में पार्टी का चुनावी मैनीफेस्टो जारी किया है। इसे भाजपा ने 'संकल्प पत्र' का नाम दिया है। इसमें किसानों, युवाओं और महिलाओं पर फोकस किया गया है। इस दौरान अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए रमन सरकार की जमकर तारीफ की तथा नक्सलवाद पर नकेल को रमन सरकार की बड़ी उपलब्धि करार दिया।

किसानों को कर्जा देने वाला पहला राज्य

Advertisement

अमित शाह ने कहा कि केंद्र में मोदी जी की सरकार है और राज्य में रमन सिंह जी की सरकार है और ये दोनों सरकार राज्य को और आगे ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को मुफ्त में अल्पकालीन कर्जा देने वाला छत्तीसगढ़ पहला राज्य है।

नक्सलवाद में क्रांति नहीं

भाजपा अध्यक्ष ने नक्सलवाद और कांग्रेस पर जमकर हमला करते हुए कहा कि जिस पार्टी को नक्सलवाद में क्रांति दिखाई देती हो वो छत्तीसगढ़ का भला नहीं कर सकती है। उन्हें नक्सलवाद में क्रांति नहीं दिखाई देती है।

विकास पर दिया जोर

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने देश में करीब-करीब 55 साल शासन किया है लेकिन देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का काम केंद्र की मोदी सरकार और राज्य में भाजपा सरकारें कर रही है। हर घर में बिजली पहुंचाने की दिशा में छत्तीसगढ़ आगे निकल गया है। छत्तीसगढ़ के दूर-दराज के अंचलों तक 24 घंटे बिजली, शुद्ध पानी, पक्की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन सुविधाओं का विस्तार करना राज्य  सरकार की बड़ी उपलब्धि है।

संकल्प पत्र की अहम बातेंः

-अनुसूचित जाति और जनजाति के बच्चों के छात्रवृति के लिए नई योजना शुरू की जाएगी।
- कक्षा 9 वीं में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को मुफ्त साइकिल दी जाएगी।
- 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं को निशुल्क ड्रेस और किताबें दी जाएगी।
- मेधावी छात्राओं को निशुल्क स्कूटी दिया जाएगा।
- 60 साल से अधिक आयु के लघु और सीमांत किसानों, भूमिहीन कृषि मजदूरों को 1 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दिया जाएगा।
- महिलाओं को अपने व्यापार शुरू करने के लिए 2 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त कर्ज दिया जाएगा।
-हमारी सरकार ने किसानों की फसल समर्थन मूल्य पर खरीदी, फसलों के दाम और बढ़ाएंगे।
-2022 तक सभी को आवास देंगे।
-छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करेंगे।
-छत्तीसगढ़ में होगा फिल्म सिटी का निर्माण।

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित 18 विधानसभा सीटों पर 12 नवंबर को मतदान है। 20 नवंबर को राज्य में दूसरे चरण का मतदान है। वोटों की गिनती 11 दिसबंर को होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: amit shah, release, manifesto, chhatisgarh, assembly, focus, women, youth, farmers
OUTLOOK 10 November, 2018
Advertisement