Advertisement
01 November 2015

दारूवाला का दावा, मोदी दिखा चुके हैं अपना हाथ

ज्योतिष बेजान दारूवाला का दावा, मोदी भी दिखा चुके हैं अपना हाथ | twitter

कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक तांत्रिक से मुलाकात करते नीतीश कुमार का वीडियो सामने आने के बाद लालू-नीतीश पर जमकर हमला बोलने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद सवालों के घेरे में आते दिख रहे हैं। दरअसल इंदौर में बेजान दारूवाला ने एक कार्यक्रम में यह दावा किया कि मोदी ने भी उन्हें अपना हाथ दिखाया है। वहां मौजूद एक पत्रकार द्वारा इस बात का कोई सबूत मांगने पर उन्होंने नरेंद्र मोदी के साथ अपनी एक फोटो दिखाई जिसमें वह पीएम मोदी का हाथ देख रहे हैं। इस संबंध में दारूवाला ने दावा किया कि उन्होंने मोदी का हाथ देखकर कहा था कि उनका भविष्य बहुत उज्जवल है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह फोटो कब की है।

 

मीडिया में आई इस खबर के बाद तमाम न्यूज चैनलों समेत सोशल मीडिया पर यह खबर चर्चा में है। ट्वीटर और फेसबुक पर दारूवाला को हाथ दिखाते पीएम मोदी की तस्वीर लगातार शेयर और ट्वीट की जा रही है। सोशल साइटों पर लोग लगातार भाजपा और पीएम मोदी पर तंज कर रहे हैं। गौरतलब है कि रविवार को ही बिहार के मधुबनी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने तांत्रिक से मिलने पर नीतीश लालू की खिंचाई करते हुए दावा किया था कि वह किसी भी प्रकार के अंधविश्वास पर यकीन नहीं करते हैं। अपने संबोधन में पीएम ने तंज करते हुए कहा कि बिहार में पहले तो सिर्फ जंगलराज था, लेकिन अब जंतर मंतर के रुप में दो भाई मिल गए हैं। अपने भाषण में मोदी ने लालू और नीतीश के सफाये का दावा करते हुए कहा था कि वे लोग लोकतंत्र का मजाक उड़ा रहे हैं। 

Advertisement

 

TAGS: ज्योतिष, बेजान दारूवाला, पीएम, नरेंद्र मोदी, लालू यादव, नीतीश कुमार, राजनीति, तंत्र मंत्र, अंधविश्वास
OUTLOOK 01 November, 2015
Advertisement