Advertisement
13 January 2022

यूपी भाजपा को झटका, मंत्री धर्म सिंह सैनी और तीन विधायकों ने दिया इस्तीफा

उत्तर प्रदेश चुनाव की तारीखों की घोषणा होने के बाद भाजपा में भगदड़ मची है। मंत्री और कई विधायक इस्तीफा दे रहे हैं। गुरुवार को दोपहर तक 4 लोगों ने भाजपा से इस्तीफा दिया। इसमें मंत्री धर्म सिंह सैनी, विधायक मुकेश वर्मा, विनय शाक्य और बाला प्रसाद अवस्थी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार वे सपा कार्यालय पहुंचकर अखिलेश से मुलाकात कर रहे हैं।

मुकेश वर्मा शिकोहाबाद से विधायक हैं वहीं विनय शाक्य औरैया की बिधूना सीट से विधायक हैं। बीते तीन दिनों में भाजपा से इस्तीफे देने वाले विधायकों की तादाद 10 तक पहुंच गई है।

अब तक स्वामी प्रसाद मौर्य, (पडरौना- कुशीनगर), धर्म सिंह सैनी (नकुड़ (सहारनपुर)), भगवती सागर (बिल्हौर विधानसभा सभा), रोशनलाल वर्मा (तिलहर विधानसभा), विनय शाक्य( बिधूना - औरैया), अवतार सिंह भड़ाना (मीरापुर विधानसभा), दारा सिंह चौहान (मधुबन (मऊ)), बृजेश प्रजापति (तिंदवारी (बांदा)), मुकेश वर्मा (शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)), दिग्विजय नारायण जय चौबे (खलीलाबाद), बाला प्रसाद अवस्थी (धौरहरा, लखीमपुर), राकेश राठौर, माधुरी वर्मा इस्तीफा दे चुके हैं।

Advertisement

भाजपा में मची इस भागमभाग के बीच स्वामी प्रसाद मौर्य का नया ट्वीट सामने आया है। उन्होंने कहा है कि नाग रूपी आरएसएस और सांप रूपी बीजेपी को स्वामी रूपी नेवला यूपी से खत्म करके ही दम लेगा।

बीजेपी विधायक विनय शाक्य ने पार्टी को अपने त्याग पत्र में लिखा, "स्वामी प्रसाद मौर्य दलितों की आवाज हैं और वह हमारे नेता हैं। मैं उनके साथ हूं।"

शिकोहाबाद (फिरोजाबाद) से भाजपा विधायक मुकेश वर्मा ने कहा, "स्वामी प्रसाद मौर्य हमारे नेता हैं। वह जो भी निर्णय लेंगे हम उसका समर्थन करेंगे। आने वाले दिनों में कई अन्य नेता हमारे साथ शामिल होंगे।"

मंत्री धर्म सिंह सैनी ने भी अपने त्याग पत्र में दलितों, पिछड़ों की अपेक्षाओं पर पार्टी के खरा नहीं उतरने का आरोप लगाया है।

 



अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, यूपी भाजपा, भाजपा, भाजपा विधायक, Uttar Pradesh Assembly Elections, UP BJP, BJP, BJP MLA
OUTLOOK 13 January, 2022
Advertisement