Advertisement
23 October 2024

'यूपी और हरियाणा की वजह से...', दिल्ली सीएम आतिशी ने प्रदूषण बढ़ने के लिए भाजपा को ठहराया जिम्मेदार

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने बुधवार को कहा कि यमुना के पानी में अमोनिया का स्तर बढ़ने के कारण दिल्ली में जल उपचार संयंत्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने भाजपा शासित हरियाणा और उत्तर प्रदेश पर नदी में अशोधित औद्योगिक अपशिष्ट छोड़ने का आरोप लगाया।

वजीराबाद जल उपचार संयंत्र के दौरे के दौरान मीडियाकर्मियों को जानकारी देते हुए आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदूषण को "दिल्ली के खिलाफ हथियार" के रूप में इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने अपना आरोप दोहराया कि यमुना में बढ़ता प्रदूषण स्तर और राजधानी में बिगड़ती वायु गुणवत्ता दोनों ही भाजपा की "गंदी राजनीति" का परिणाम हैं।

Advertisement

उन्होंने आरोप लगाया, "वे वजीराबाद और कालिंदी कुंज जैसे अन्य क्षेत्रों में नालों के माध्यम से यमुना में अशोधित पानी भेज रहे हैं, जो अब विषैले नाले में बदल गया है, खासकर छठ पूजा के दौरान।"

मुख्यमंत्री ने कहा, "कल से नदी में अमोनिया का स्तर 3 पीपीएम तक पहुंच गया है, जिससे वजीराबाद संयंत्र में पानी का उपचार करना असंभव हो गया है।"

उन्होंने कहा कि सोनिया विहार और भागीरथी जल शोधन संयंत्र भी इसी तरह प्रभावित हुए हैं। आतिशी ने आरोप लगाया, "यह स्पष्ट है कि भाजपा दिल्ली से नफरत करती है और दिल्ली पर हमला करने के लिए हरियाणा और यूपी का इस्तेमाल कर रही है।"

राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण पर आतिशी ने कहा, ‘‘2021 से 2023 तक पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई है और 2023-24 के दौरान इसमें 25 प्रतिशत की कमी आई है।

हालांकि, उन्होंने कहा कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश में खेतों में आग लगाने की घटनाएं और बदतर हो गई हैं। हरियाणा में 23 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश में 70 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Uttar Pradesh, haryana, delhi cm, atishi, pollution, bjp
OUTLOOK 23 October, 2024
Advertisement