Advertisement
07 July 2021

कैबिनेट विस्तार से पहले बड़ी हलचल, हर्षवर्धन, रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर समेत कई नेताओं ने दिया मोदी मंत्रिमंडल से इस्तीफा

पीटीआइ

केंद्रीय कैबिनेट में बुधवार यानी आज शाम को बड़ा बदलाव होना है, उससे ठीक पहले राजधानी दिल्ली में सियासी हलचल जारी है। मंत्रिमंडल में नए नामों के जुड़ने से पहले कुछ पुराने नामों को विदाई दी जा रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय कानून और आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद और सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, श्रम मंत्री संतोष गंगवार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन समेत 11 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है।  

रविशंकर प्रसाद और प्रकाश जावड़ेकर से पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन, केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा, श्रम मंत्री संतोष गंगवार और शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक समेत 11 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। शिक्षा राज्य मंत्री संजय धोत्रे, वन और पर्यावरण राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो, राव साहब दानवे, रतन लाल कटारिया, प्रताप सारंगी और देव श्री बैनर्जी ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत को राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उन्होंने पहले ही मंत्री पद से इस्तीफा दिया है।

राष्ट्रपति भवन की ओर से जानकारी दी गई है कि राष्ट्रपति ने आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद, पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक’ समेत 12 मंत्रियों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

Advertisement

बताया जा रहा है कि रमेश पोखरियाल निशंक को खराब स्वास्थ्य की वजह से केंद्रीय कैबिनेट से हटाया गया है। कोरोना होने के बाद से ही उनका स्वास्थ्य लगातार ठीक नहीं था, ऐसे में अब उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया जा रहा है। बता दें कि इन नामों से पहले ही केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त कर दिया गया है। ऐसे में साफ है कि वो भी मंत्रिमंडल से बाहर कर दिए गए हैं।   

गौरतलब है कि मोदी कैबिनेट का पहला विस्तार आज होने वाला है। इस बहुप्रतीक्षित विस्तार एवं पुनर्गठन के लिए बुधवार 6 बजे का समय निशिचत किया गया है। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बुधवार की शाम को होने वाले फेरबदल व विस्तार से पहले, मंत्री पद के संभावित चेहरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने उनके आधिकारिक आवास पर पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा भी प्रधानमंत्री आवास पर मौजूद हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: कैबिनेट विस्तार, बड़ी हलचल, रमेश पोखरियाल निशंक, मोदी मंत्रिमंडल, इस्तीफा, cabinet expansion, Ramesh Pokhriyal Nishank, resigns, Modi cabinet
OUTLOOK 07 July, 2021
Advertisement