Advertisement
21 August 2025

बिहार: मतदाता अधिकार यात्रा फिर शुरू, तेजस्वी ने कहा ‘राहुल दोपहर में वापस आएंगे’

बिहार में मतदाता अधिकार यात्रा बृहस्पतिवार को एक दिन के अंतराल के बाद फिर से शुरू हो गई। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने जनता को सूचित किया कि राहुल गांधी दोपहर तक दिल्ली से वापस आएंगे।

शेखपुरा जिले में यात्रा के फिर से शुरू होने पर यादव के साथ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)-मार्क्सवादी-लेनिनवादी (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष राजेश कुमार और विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी सहित अन्य लोग शामिल हुए।

यादव ने कहा, “हम बड़े भाई राहुल गांधी के आभारी हैं कि उन्होंने इस यात्रा के लिए इतना समय दिया। उपराष्ट्रपति चुनाव से संबंधित उनके कुछ जरूरी काम हैं। वह दोपहर में हमारे साथ शामिल होंगे।”

Advertisement

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को सासाराम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद जैसे नेताओं की मौजूदगी में इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी।

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार यादव ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर लोगों के वोट ‘चुराए’ जा रहे हैं और उन्होंने भीड़ से ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगवाए।

यादव ने राज्य की नीतीश कुमार सरकार पर ‘दूरदर्शिता के अभाव’ और ‘केवल उनके विचारों की नकल करने’ का आरोप लगाया।

राजद नेता ने कहा कि उन्होंने (तेजस्वी ने) जो भी वादे किए थे, चाहे वह निवास का मामला हो, प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म पर शुल्क माफी हो या युवा आयोग का गठन, वह (नीतीश कुमार सरकार) उन्हें अपनी पहल के रूप में पेश कर रही है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bihar, Voter Rights Yatra, Tejashwi Yadav, Rahul Gandhi
OUTLOOK 21 August, 2025
Advertisement