Advertisement
31 October 2022

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावः बागियों के खिलाफ BJP की सख्ती, 5 नेताओं को पार्टी से निकाला

file photo

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने पर भाजपा ने पांच बागी नेताओं को निलंबित कर दिया है। इन नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। टिकट नहीं मिलने पर इन नेताओं ने बीजेपी के खिलाफ बागी इंडिपेंडेंट कैंडिडेट के तौर पर नामांकन दाखिल कर दिया है। इनमें चार पूर्व विधायक हैं और एक बीजेपी का प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।

किन्नौर से पूर्व विधायक तेजवंत सिंह नेगी, इंदौरा के पूर्व विधायक मनोहर धीमान, आनी के पूर्व विधायक किशोरी लाल और नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर को छह साल के लिए निष्कासित किया गया है। फतेहपुर से निर्दलीय पर्चा भरने वाले बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल परमार को भी छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया है।

एक दर्जन से अधिक भाजपा नेताओं के निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ने के साथ, पार्टी 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुश्किल स्थिति में है। कार्रवाई से पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से लेकर गृहमंत्री अमित शाह और सीएम जयराम ठाकुर तक ने इन बागियों को मनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन ये नहीं माने. नेताओं के इसी रवैये से पार्टी हाईकमान काफी नाराज था।

Advertisement

बता दें कांग्रेस ने भी छह नेताओं को तत्काल प्रभाव से पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। जिन नेताओं पर गाज गिरी थी, उनमें सुलाह से पूर्व विधायक जगजीवन पाल, पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, चौपाल से पूर्व विधायक डॉ. सुभाष मंगलेट, जयसिंहपुर से सुशील कौल, आनी से परस राम और ठियोग से विजय पाल खाची शामिल थे।

OUTLOOK 31 October, 2022
Advertisement