Advertisement
23 October 2017

मध्यप्रदेश: चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस उम्मीदवार घोषित

Symbolic Image

मध्यप्रदेश के सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। सत्ताधारी भाजपा ने रविवार को शंकरदयाल त्रिपाठी और कांग्रेस ने  नीलांशु चतुर्वेदी को मैदान में उतारने की घोषणा की। नामांकन पत्र दाखिल करने से ठीक एक दिन पहले उम्मीदवारों का ऐलान बताता है कि यह चुनाव दोनों दलों के लिए कितना मायने रखता है।

कांग्रेस विधायक प्रेम सिंह के निधन के कारण खाली हुई इस सीट पर नौ नवंबर को वोट डाले जाएंगे और मतगणना 12 नवंबर को होगी। सपा के महेंद्र मिश्रा भी चुनाव मैदान में हैं। 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में प्रेम सिंह को 45 हजार 913 और भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह गहरवार को 34 हजार 943 वोट मिले थे।

कांग्रेस के उम्मीदवार नीलांशु चतुर्वेदी ब्राह्मण राज परिवार से हैं। नगरपालिका अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस समय उनकी बहन प्राची नगरपालिका अध्यक्ष हैं। समर्थकों के बीच 'चौबे राजा' के नाम से मशहूर नीलांशु विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के करीबी माने जाते हैं। इस सीट से प्रत्याशी चुनने की जिम्मेदारी कांग्रेस ने अजय सिंह को दी थी।

Advertisement

वहीं, शंकरदयाल त्रिपाठी संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं। वे भाजपा के जिला मंत्री और मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। सतना के सांसद गणेश सिंह और प्रदेश के खनिज मंत्री और चित्रकूट के चुनाव प्रभारी राजेंद्र शुक्ला के करीबी माने जाते हैं। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटी इस सीट पर भाजपा हर हाल में कब्जा जमाना चाहती है। यही कारण है प्रत्याशी के नाम की घोषणा के साथ ही भाजपा नेताओं का सतना में जमावड़ा शुरू हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान, सतना जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, प्रदेश भाजपा महामंत्री वीडी शर्मा आदि की मौजूदगी में त्रिपाठी आज पर्चा दाखिल कर रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: उपचुनाव, chitrakoot byelection, madhya pradesh, bjp, congress
OUTLOOK 23 October, 2017
Advertisement