Advertisement
17 September 2022

अमानतुल्ला खान की गिरफ्तारी पर सिसोदिया ने बीजेपी पर साधा निशाना, कहा- बीजेपी का 'ऑपरेशन लोटस' अभी भी जारी

दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अमानतुल्ला खान की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं को तोड़ने के लिए ‘आपरेशन लोटस’ को जारी रखे हुए है।

सिसोदिया ने ट्वीट किया, ‘‘पहले इन्होंने सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया, पर कोर्ट में उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं है। इन्होंने मेरे घर पर रेड डाली। कुछ नहीं मिला। फिर कैलाश गहलोत के खिलाफ एक फर्जी जांच शुरू की और अब अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार किया है। आप के हरेक नेता को तोड़ने के लिए ऑपरेशन लोटस जारी है।’’

इससे पहले ‘आप’ नेताओं ने आरोप लगाया था कि भाजपा दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार को पदच्युत करने के लिए उसके विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है और उन्हें 20-20 करोड़ रुपये की पेशकश कर रही है।

Advertisement

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने यहां तक पिछले महीने विधानसभा में विश्वासमत भी पेश किया था ताकि साबित कर सके कि ‘आप’ के विधायक उनके साथ हैं। उन्होंने जोर देकर कहा था कि ‘‘ऑपरेशन लोटस’’ दिल्ली में असफल है।

TAGS: BJP, 'Operation Lotus', AAP, Delhi Deputy Chief Minister Manish Sisodia, Amanatullah Khan, Arrest
OUTLOOK 17 September, 2022
Advertisement