Advertisement
24 February 2020

भाजपा ने विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी को बनाया दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष

ANI

दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू होगा और 26 फरवरी तक चलेगा। नए सत्र के लिए भाजपा ने बदरपुर से विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी को सर्वसम्मति से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। सत्र के पहले दिन सभी विधायकों को विधानसभा की शपथ दिलाई जाएगी।

सोमवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय के अध्यक्ष मनोज तिवारी की मौजूदगी में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और केंद्रीय पर्यवेक्षक सरोज पांडे ने बिधूड़ी के नाम की घोषणा की। विपक्ष के नेता के रूप में बिधूड़ी का नाम रोहिणी के विधायक विजेंद्र गुप्ता द्वारा प्रस्तावित किया गया था। विधूड़ी ने बदरपुर सीट से चौथी बार जीत हासिल की थी। पिछली बार विजेंद्र गुप्ता को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया था। इस बार भी वह विधानसभा पहुंचने में कामयाब रहे।  

भाजपा को मिली आठ साटें

Advertisement

दिल्ली विधानसभा चुनाव इसी महीने की 8 तारीख को हुए थे। 11 फरवरी को नतीजे आए थे। इसमें आम आदमी पार्टी (आप) ने 70 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, भाजपा के खाते में 8 सीट आई हैं। भाजपा से विजेंद्र गुप्ता, मोहन सिंह बिष्ट, रामवीर सिंह बिधूड़ी, ओमप्रकाश शर्मा, अभय वर्मा, जितेंद्र महाजन, अनिल वाजपेयी, अजय महावर ने जीत हासिल की थी।

ऐसे की थी राजनीतिक सफर की शुरुआत

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वह कई पार्टियों में रह चुके हैं। 1993 में वह जनता दल के टिकट पर विधानसभा पहुंचे थे और जनता दल विधायक दल के नेता भी चुने गुए थे। वर्ष 2003 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का दामन थाम लिया था। उन्हें सर्वश्रेष्ठ विधायक का भी पुरस्कार मिला था। वर्ष 2012 में  भाजपा में शामिल हुए। 2013 में वह भाजपा की टिकट पर ही विधानसभा पहुंचे। 2015 में चुनाव हारने के बाद इस बार फिर से वह विधायक चुने गए हैं।

सातवीं विधानसभा का पहला सत्र

सरकार गठन के बाद यह सातवीं विधानसभा का पहला सत्र होगा। पहले दिन विधायकों को प्रोटेम अध्यक्ष शोएब इकबाल शपथ दिलाएंगे। उसके बाद विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। सूत्रों की माने तो केजरीवाल सरकार रामनिवास गोयल को दोबारा विधानसभा अध्यक्ष चुनेगी। अभी तक सरकार के पास जिन नामों की सिफारिश की गई है, उसमें रामनिवास गोयल का नाम सबसे आगे है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ramvir Bidhuri, Leader, Opposition, Delhi, Assembly, bjp, MLA
OUTLOOK 24 February, 2020
Advertisement