Advertisement
23 October 2021

बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने फिर साधा अपनी ही सरकार पर निशाना, बोले- कृषि नीति पर फिर से विचार करने की जरूरत

ANI

यूपी के पीलीभीत से बीजेपी सांसद वरुण गांधी बीते कुछ समय से कृषि कानूनों को लेकर आंदोलनरत किसानों के पक्ष में आवाज उठा रहे हैं। इस मसले पर वह अपनी ही पार्टी से अलग बयान दे रहे हैं। सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर अपनी ही सरकार पर निशाना साधा है। लखीमपुर में किसान के अपने ही धान के ढेर में आग लगाए जाने के मामले में सांसद वरुण गांधी ने ट्वीट किया और पूरे मामले का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि कृषि नीति पर पुनर्चिंतन आज सबसे बड़ी जरूरत है।

लखीमपुर जिले के मोहम्मदी तहसील क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले किसान समोध सिंह धान लेकर मोहम्मदी की मंडी परिसर में पहुंचे थे। यहां केंद्र प्रभारी ने बारदाना न होने का हवाला देकर उन्हें इंतजार करने को कहा, जिसके बाद किसान समोध सिंह लगातार धान तोल कराने के लिए सेंटरों के चक्कर काटते नजर आए। अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी जब धान की खरीद नहीं हुई तो समोध सिंह ने अपने धान के ढेर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

इस घटना की वीडियो साझा कर वरुण गांधी ने लिखा, 'समोध सिंह पिछले 15 दिनों से अपने धान की फसल बेचने के लिए मंडियों में चक्कर लगा रहे थे। जब धान नहीं बिका तो निराश होकर किसान ने स्वयं धान में आग लगा दी। इसके साथ ही सांसद वरुण गांधी ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लिखा, 'इस व्यवस्था ने किसानों को कहां लाकर खड़ा कर दिया है कृषि नीति पर पुनः चिंतन आज की सबसे बड़ी जरूरत है।'

Advertisement

वरुण गांधी ने किसानों के समर्थन में कोई पहली बार ट्वीट नहीं किया है। इससे पहले भी सांसद वरुण गांधी ट्वीट कर अपनी ही सरकार को घेरने का काम कर चुके हैं। बीते दिनों सांसद वरुण गांधी ने अटल बिहारी वाजपेई का एक वीडियो साझा किया था। जिसमें वह किसानों के समर्थन की बात कर रहे थे। इसके साथ ही सांसद वरुण गांधी इससे पहले भी धान खरीद की नीति और गन्ने के मूल्य को बढ़ाने के लिए सीएम योगी को पत्र लिख सुर्खियों में रह चुके हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, MP, Varun Gandhi, agriculture policy, सांसद वरुण गांधी, कृषि नीति
OUTLOOK 23 October, 2021
Advertisement