Advertisement
20 July 2018

राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाएंगे भाजपा सांसदः अनंत कुमार

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान मोदी सरकार पर लगाए गए आरोपों पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सांसद राहुल गांधी के खिलाफ झूठ बोलने और संसद को गुमराह करने के लिए विशेषाधिकार प्रस्ताव लाएंगे।

अनंत कुमार ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का व्यवहार बच्चों जैसा था। वह बड़े हो गए हैं पर दुर्भाग्यवश वह बालिग नहीं हुए हैं। कुमार ने कहा कि यह भी दुर्भाग्यपूर्ण है कांग्रेस अध्यक्ष इतना अनजान और अपरिपक्व है।

इससे पहले राहुल गांधी द्वारा  मोदी सरकार पर लगाए गए आरोपों पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि उन्होंने बिना किसी सबूत के ये आरोप लगाए हैं। ईरानी ने  कहा कि हम सभी ने आज लोकसभा में राहुल गांधी द्वारा प्रचारित झूठ को देखा है।

Advertisement

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल के पास कोर्ई सबूत नहीं था वह केवल नकारात्मक राजनीतिक कर रहे थे। ईरानी ने कहा कि इसका परिणाम कांग्रेस अध्यक्ष को खुद भुगतना पड़ा है। उनकी पार्टी ने उनके नेतृत्व में जितने चुनाव लड़े हैं उनमें कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है।

 दूसरी ओर शिवसेना के आनंद राव अदसुल ने कहा कि राहुल गांधी ने जिन मुद्दों को उठाया है उनके आधार हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आरोप पीएम मोदी और मोदी सरकार की छवि को बिगाड़ सकते हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Smriti Irani, Rahul Gandhi, charged, without, proof, modi
OUTLOOK 20 July, 2018
Advertisement