Advertisement
14 September 2019

भाजपा ने संजय जायसवाल को बिहार और सतीश पुनिया को बनाया राजस्थान का अध्यक्ष

file photo

भाजपा ने शनिवार को संजय जायसवाल को बिहार और विधायक सतीश पुनिया को राजस्थान का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।  भाजपा के महासचिव अरुण सिंह ने उनकी नियुक्ति का पत्र जारी किया है।

जायसवाल को भाजपा की बिहार इकाई के प्रमुख रहे केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय की जगह ली है। नित्यानंद राय के पीएम मोदी की कैबिनेट में शामिल होने के बाद बिहार में प्रदेश अध्यक्ष का पद खाली था।

संजय जायसवाल भाजपा के अनुभवी नेताओं में माने जाते हैं और अभी बेतिया के सांसद हैं। 2009 से लगातार तीसरी बार सांसद चुने गए संजय जायसवाल के पिता मदन मोहन जायसवाल भी बेतिया के सांसद रहे हैं। बिहार में अगले साल विधानसभा का चुनाव होना है और एनडीए की सहयोगी जदयू से भाजपा के रिश्ते जगजाहिर हैं। संजय जायसवाल के लिए बिहार की कमान संभालना एक चुनौती ही होगा। 

Advertisement

आमेर से विधायक हैं पुनिया

वहीं, सतीश पूनिया को राजस्थान का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पहले मदनलाल सैनी राज्य के अध्यक्ष थे, लेकिन जून में उनके निधन के बाद से यह  पद खाली पड़ा हुआ था। चूरू के राजगढ़ के रहने वाले 55 वर्षीय पुनिया जयपुर जिले के आमेर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं। पुनिया का जाट समुदाय में राजनैतिक रूप से खासा प्रभाव माना जाता है। भाजपा के पास जो पारंपरिक मतदाता नहीं आता था। हाल के लोकसभा चुनाव में उसे भाजपा की तरफ खासी संख्या में लाने उनकी अहम भूमिका रही है।

अजय कुमार बने संगठन मंत्री

इसके अलावा भाजपा ने उत्तराखंड में अपने संगठन के प्रभारी के रूप में अजय कुमार को महासचिव नियुक्त किया है। अजय कुमार पश्चिम उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री भी रह चुके हैं और उत्तराखंड में आरएसएस के प्रचारक भी रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, Sanjay Jaiswal Bihar, chief, MLA, Satish Punia, appointed, Rajasthan, unit, head
OUTLOOK 14 September, 2019
Advertisement