Advertisement
19 March 2016

राष्ट्रवाद की चर्चा से शुरू हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी

आउटलुक

शनिवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कार्यकारिणी की बैठक का उद‍घाटन किया। बैठक के पहले दिन राष्ट्रवाद सहित पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक पार्टी का सबसे ज्यादा फोकस असम को लेकर हैं जहां भाजपा मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है। असम भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने राज्य की वस्तुस्थिति की चर्चा भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से की।

बैठक में राज्यों से आए प्रदेश अध्यक्षों ने जहां केंद्र सरकार के आम बजट की सराहना की वहीं कुछ राज्यों में संगठन के चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। इसमें सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश भी शामिल था जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। बैठक में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय की घटना और रोहित वेमूला की आत्महत्या की भी चर्चा रही। सूत्रों ने बताया कि हाल में नागौर में संपन्न राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बैठक में पारित प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। रविवार को बैठक का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण से होगा। 

TAGS: भाजपा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी, नरेंद्र मोदी, अमित शाह, विधानसभा चुनाव, असम, पश्चिम बंगाल
OUTLOOK 19 March, 2016
Advertisement