Advertisement
07 October 2021

बीजेपी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित, वरुण और मेनका गांधी को नहीं मिली जगह, देखें लिस्ट में किस किस का है नाम

भारतीय जनता पार्टी ने अगले साल यानी 2022 में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित कर दी है। भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 80 सदस्य शामिल हैं, जिस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुरली मनोहर जोशी का नाम भी शामिल है। इतना ही नहीं, लिस्ट में लालकृष्ण आडवाणी को भी शामिल किया गया है, मगर वरुण गांधी और उनकी मां मेनका गांधी को नई कार्यकारिणी में शामिल नहीं किया गया है।

ये भी पढ़ें- वरुण गांधी ने शेयर किया लखीमपुर हिंसा का नया वीडियो, कहा- 'हत्या से प्रदर्शनकारियों को चुप नहीं कर सकते'

दरअसल, जब आज भाजपा ने 80 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित की तो सबकी नजर इस बात पर गई कि इस लिस्ट में वरुण गांधी का नाम है ही नहीं। बीते कुछ समय से वरुण गांधी न सिर्फ केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते रहे हैं, बल्कि लखीमपुर खीरी कांड को लेकर भी योगी सरकार के खिलाफ लगातार मुखर रहे हैं। लखीमपुर खीरी कांड में वरुण गांधी हर दिन ट्वीट कर-करके योगी सरकार पर दबाव बनाते नजर आए हैं।

Advertisement

पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी ने आज भी लखीमपुर कांड का नया वीडियो सामने आने के बाद ट्वीट किया था और अपनी ही सरकार को घेरते हुए लिखा था- यह वीडियो बिल्कुल शीशे की तरह साफ है। प्रदर्शनकारियों का मर्डर करके उनको चुप नहीं करा सकते हैं। निर्दोष किसानों का खून बहाने की घटना के लिए जवाबदेही तय करनी होगी। हर किसान के दिमाग में उग्रता और निर्दयता की भावना घर करे इसके पहले उन्हें न्याय दिलाना होगा।'

बता दें कि भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई केंद्रीय मंत्रियों, राज्य के कई नेताओं और लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे दिग्गजों के नाम शामिल हैं। सूची में 80 नियमित सदस्यों के अलावा, कार्यकारिणी में 50 विशेष आमंत्रित और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्य भी होंगे।

कार्यकारिणी पार्टी का एक प्रमुख विचार-विमर्श करने वाला निकाय है, जो विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करती है और संगठन के कामकाज की रूपरेखा तय करती है। कोविड-19 महामारी के चलते लंबे समय से राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक नहीं हुई है।

आज जारी की गई इस सूची में अमित शाह, राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिसमें हाल ही में शामिल किए गए मंत्री अश्विनी वैष्णव को भी शामिल किया गया है। हर्षवर्धन, रविशंकर प्रसाद और प्रकाश जावड़ेकर जैसे पूर्व केंद्रीय मंत्री भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य बने रहेंगे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, 80-member, National Executive list, names, 50 special, 179 permanent, invitees, varun gandhi, maneka gandhi
OUTLOOK 07 October, 2021
Advertisement