ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की 100 उम्मीदवारों की लिस्ट
भाजपा ने ओडिशा विधानसभा के लिए 100 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने 2014 में बीजद के टिकट पर चुनाव जीतने वाले बालभद्र माझी और बैजयंत पांडा को अपना उम्मीदवार बनाया है।
दोनों नेता इस महीने के शुरू में बीजद छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पांडा को केंद्रपाड़ा से टिकट दिया गया है तो माझी नबरंगपुर से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। साथ में ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों में से 10 लोकसभा सीटों पर भी उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट जारी की है। इसके अलावा पार्टी ने केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुअल ओराम को सुरंदगढ़ लोकसभा सीट से फिर से टिकट दिया है।
दूसरे दलों से आए नेताओं को बनाया उम्मीदवार
भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद पार्टी ने लिस्ट जारी की। भाजपा ने उन कई उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है जो मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजद या कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
इससे पहले भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। कुल 184 नामों वाली इस लिस्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर उत्तर प्रदेश के वाराणसी से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी की इस लिस्ट में वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का नाम नहीं है। गुजरात की गांधीनगर लोकसभा सीट से आडवाणी की जगह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह चुनाव लड़ेंगे।
कठेरिया का कटा टिकट
इसमें यूपी की 28 सीटें शामिल हैं, जिन पर पार्टी ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। पार्टी ने छह मौजूदा सांसदो के टिकट भी काटे हैं। जिनमें आगरा से सांसद रामशंकर कठेरिया प्रमुख है। रामशंकर कठेरिया अनुसूचित जाति और जनजाति के अध्यक्ष हैं और केंद्र में मंत्री भी रहे हैं। उनकी जगह पार्टी ने एसपी बघेल को टिकट दिया है। वो पहले समाजवादी पार्टी में थे। साल 2017 में सपा छोड़कर भाजपा तथा वो योगी सरकार में मंत्री हैं।
ओडिशा में 11 अप्रैल से चार चरणों में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होंगे। ओडिशा की 21 लोकसभा और 147 विधानसभा सीटों पर 11, 18, 23 और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।