Advertisement
01 January 2025

भाजपा ‘आप’ की योजनाओं का विरोध करने के बजाय विकास कार्यों पर प्रतिस्पर्धा करे: संजय सिंह

भाजपा ‘आप’ की योजनाओं का विरोध करने के बजाय विकास कार्यों पर प्रतिस्पर्धा करे: संजय सिंह

हाल में घोषित ‘पुजारी ग्रंथी सम्मान’ योजना का विरोध करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बुधवार को भाजपा से कहा कि वह आम आदमी पार्टी (आप) की योजनाओं का विरोध करने के बजाय विकास कार्यों पर प्रतिस्पर्धा करे।

‘आप’ के वरिष्ठ नेता ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा को उसके शासन वाले 22 राज्यों में इसी तरह की योजना लागू करने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा, “यह शर्मनाक है कि केजरीवाल जी द्वारा 'पुजारी ग्रंथी सम्मान योजना' की घोषणा के बाद पूरी भाजपा इसका विरोध करने लगी। हर दिन वे सवाल उठा रहे हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। पूरा देश उनकी मंशा देख रहा है।”

Advertisement

सिंह ने इस बात को रेखांकित किया कि भाजपा शासित पड़ोसी राज्य हरियाणा में इमामों और मौलवियों को मानदेय के रूप में 16,000 रुपये मिलते हैं। उन्होंने पूछा कि भाजपा शासित 22 राज्यों में पुजारियों और सिख ग्रंथियों को ऐसी ही सहायता क्यों नहीं दी जा सकती।

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा सोमवार को घोषित ‘पुजारी-ग्रंथी’ सम्मान योजना के तहत दिल्ली के हिंदू मंदिरों के पुजारियों और सिख ग्रंथियों को 18,000 रुपये मासिक मानदेय देने का वादा किया गया है।

‘आप’ प्रमुख ने अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर से इस योजना की शुरुआत की। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने करोल बाग स्थित गुरुद्वारे से इस योजना का आगाज़ किया।

भाजपा ने इस योजना की आलोचना की है तथा ‘आप’ पर आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

TAGS: BJP, Development works, AAP's schemes, Sanjay Singh
OUTLOOK 01 January, 2025
Advertisement