Advertisement
26 September 2018

राफेल डील पर बोले राबर्ट वाड्रा, ‘झूठ का पुलिंदा’ छिपाने के बजाय देश को सच बताए भाजपा

FILE PHOTO

राफेल डील पर भाजपा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस सौदे को नाकाम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय साजिश में शामिल हैं। ऐसा करने के पीछे  उनका मकसद अपने जीजा राबर्ट वाड्रा को फायदा पहुंचाना है। इस पर पलटवार करते हुए राबर्ड वाड्रा ने कहा कि राफेल डील के बारे में भाजपा ‘झूठ का पुलिंदा’ छिपाने के बजाय देश को सच बताए।

वाड्रा ने कहा कि लोग भाजपा का झूठ सुनकर थक चुके हैं। भाजपा को देश को राफेल डील के बारे में सच बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों से भाजपा राजनीतिक रूप  से मेरे पीछे पड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि राफेल डील पर मेरे खिलाफ सारे आरोप गलत और बेबुनियाद हैं। सरकार अपनी नाकामी को छुपाने के लिए जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। 

इससे पहले भाजपा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली पिछली सरकार ने फ्रांस के साथ यह सौदा रद्द कर दिया था। इसकी वजह सिर्फ इतनी थी कि राबर्ट वाड्रा से जुड़ी एक कंपनी को बिचौलिए के रूप में स्वीकार नहीं किया गया था। सीधे तौर पर सौदा नाकाम करने के पीछे अंतरराष्ट्रीय साजिश थी। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गजेंद्र शेखावत ने दावा किया था कि हथियारों के सौदागर संजय भंडारी के राबर्ट वाड्रा से कनेक्शन हैं। यह दोनों खुद को कई डिफेंस एक्सपो में बिचलौए के रूप में पेश करते रहे हैं। हालांकि उन्हें इसमें अब तक कोई बड़ी सफलता हाथ नहीं लगी है।

Advertisement

अोलांद ने किया था खुलासा

राफेल डील पर फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने पिछले हफ्ते एक फ्रेंच अखबार को दिए इंटरव्यू में खुलासा किया था कि भारत सरकार ने इस डिफेंस डील में फ्रेंच कंपनी डिसॉल्ट एविएशन को साझीदार के तौर पर एक निजी कंपनी का नाम आगे बढ़ाया था। ओलांद के इस दावे के बाद कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियां बेहद आक्रामक होकर मोदी सरकार को लगातार घेर रही हैं।

कांग्रेस के ये हैं आरोप

कांग्रेस का आरोप है कि यूपीए सरकार ने फ्रांस के साथ जिस राफेल लड़ाकू विमान की डील की थी, उसे मोदी सरकार तीन गुना कीमत में खरीद रही है। नई डील में किसी भी तरह की तकनीक ट्रांसफर की बात नहीं हुई है। राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण पर राफेल मामले में देश से झूठ बोलने और सौदे में भारी भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाते रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, should, tell, nation, truth, Rafale, deal, hide, bunch of lies, :Robert Vadra
OUTLOOK 26 September, 2018
Advertisement