Advertisement
03 August 2021

राहुल गांधी की नाश्ता पॉलिटिक्स पर भाजपा ने साधा निशाना, कहा- सस्ती लोकप्रियता के लिए अपना रहे हैं हथकंडे

file photo

भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सस्ती लोकप्रियता के लिए ‘‘हथकंडे’’ अपनाने का आरोप लगाया है। भाजपा का कहा कि विपक्ष ने संसद की कार्यवाही को बंधक बनाने और सरकार को बदनाम करने के लिए ‘‘हंगामा करने और भाग जाने’’ की रणनीति अपनाई है।

केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा में उपनेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि विपक्षी सदस्य खुद को भाजपा विरोधी समूह के नेता के रूप में पेश करने की होड़ में हैं और इसके लिए सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के लिए एक दूसरे से प्रतिद्वंद्विता कर रहे हैं।

नकवी ने कहा कि विपक्ष हंगामा करने और फिर भाग जाने की रणनीति पर काम कर रहा है। वह सरकार को बदनाम करने के लिए संसद में कार्यवाही को बाधित कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी का विरोध करते-करते विपक्ष देश विरोध पर उतर आया है।

Advertisement

ज्ञात हो कि पेगासस जासूसी मामले और तीन केंद्रीय कृषि कानूनों सहित विभिन्न मुद्दों पर संसद के दोनों सदनों में लगातार हंगामा कर रहे हैं और इस वजह से कार्यवाही बाधित हो रही है।

संसद में विपक्षी दलों की रणनीति को धार देने के लिए राहुल गांधी ने आज समान विचारधारा वाले दलों के नेताओं के साथ नाश्ते पर चर्चा की और पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में साइकिल से संसद तक मार्च निकाला।

राज्यसभा सदस्य व भाजपा के मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी ने कहा कि राहुल गांधी कभी ट्रैक्टर चलाकर तो कभी साइकिल से संसद पहुंचकर सस्ती लोकप्रियता के लिए हथकंडे अपना रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके पास कोई वास्तविक मुद्दा नहीं है इसलिए खबरों में बने रहने के लिए इस प्रकार की चीजें करते रहते हैं। पहली बार ऐसा हो रहा है कि सरकार चर्चा कराना चाहती है और विपक्ष इससे भाग रहा है।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, Rahul Gandhi, breakfast, politics, Mutar Nakvi, Congress
OUTLOOK 03 August, 2021
Advertisement