Advertisement
25 January 2017

महिलाओं के प्रति भाजपा की सोच बेनकाब: प्रियंका

कटियार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने कहा कि यह भाजपा की ओछी और अपमानित करने की संस्कृति को प्रदर्शित करता है जो महिलाओं को उपभोक्ता की वस्तु के रूप में पेश करता है। कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने देश की महिलाओं का अपमान किया है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को माफी मांगनी चाहिए।

 कटियार की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा,  अगर भाजपा मेरे साथियों में यही बात देखती है जो बहादुर, मजबूत और खूबसूरत महिलाएं हैं और आज वे जहां हैं, वहां पहुंचने के लिए हर तरह का संघर्ष किया, कठिनाइयां सही, तब इस पर मुझे और हंसी आती है। क्योंकि यह भारत की आधी आबादी महिलाओं के बारे में भाजपा की सोच को बेनकाब करता है। इससे पहले जब विजय कटियार से प्रियंका गांधी के कांग्रेस का स्टार प्रचारक बनाये जाने के बारे में पूछा गया तब भाजपा के वरिष्ठ नेता ने यह कहकर विवाद पैदा कर दिया कि प्रियंका गांधी से अधिक खूबसूरत चुनाव प्रचारक मौजूद हैं।

उत्तरप्रदेश में आसन्न विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी कांग्रेस की स्टार प्रचारक हैं जिन्होंने कांग्रेस एवं सपा के बीच गठबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। एक प्रश्न के उत्तर में विनय कटियार ने कहा, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है...उनसे (प्रियंका) और अधिक खूबसूरत लड़कियां और महिलाएं हैं और वे स्टार प्रचारक हैं। उन्होंने कहा,  उनमें से कुछ कलाकार है, कुछ अभिनेत्री हैं। वे उनसे कहीं अधिक खूबसूरत हैं। बाद में संवाददाताओं से बातचीत में कटियार ने अपनी टिप्पणी को कमतर करने का प्रयास करते हुए कहा कि वे किसे स्टार प्रचारक बनाते हैं, यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है।

Advertisement

 

उन्होंने साथ ही कहा कि कांग्रेस को यह लगता है कि प्रचार के लिए उनके पास प्रियंका गांधी का खूबसूरत चेहरा है। पर इसके जवाब में भाजपा के पास भी खूबसूरत चेहरे हैं जिसे प्रचार के लिए कहा जा सकता है। कटियार ने हालांकि कहा,  खूबसूरती की क्षमता से तुलना करना गलत और अनुचित है लेकिन कांग्रेस ऐसा कर रही है। उल्लेखनीय है कि राज्य विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में कटियार का नाम नहीं है हालांकि वे उत्तरप्रदेश से हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: विनय कटियार, प्रहार, प्रियंका गांधी, आधी आबादी, महिलाएं, भाजपा बेनकाब
OUTLOOK 25 January, 2017
Advertisement