Advertisement
21 July 2016

पंजाब में सिद्धू और प्रगट को लेकर कैप्टन ने की राहुल से चर्चा

फाइल फोटो

दिल्ली में हुई बैठक में पंजाब में पार्टी की चुनाव प्रचार रणनीति पर सघन चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि बैठक का मुख्य एजेंडा विधानसभा चुनाव का प्रचार और उसकी रणनीति थी। राज्य में पार्टी के प्रचार को गति देने के लिए प्रशांत किशोर से एक प्रजेंटेशन भी मांगा गया है। मिली जानकारी के अनुसार बैठक में भाजपा से निकले नवजोत सिंह सिद्धू और अकाली दल से निकले प्रगट सिंह को लेकर भी चर्चा हुई। इन नेताओं के आम आदमी पार्टी में जाने पर राज्य की राजनीति पर पड़ने वाले असर पर भी मंथन हुआ। बैठक के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सिद्धू और पूर्व हॉकी कप्तान प्रगट सिंह को कांग्रेस में शामिल होने का इशारा भी दे दिया। कैप्टन ने कहा, वे कांग्रेस में आना चाहें तो उनका स्वागत है। इस दौरान उन्होंने सिद्धू के परिवार को पुराना कांग्रेसी बताते हुए अपना परिचित भी बताया। हालांकि कैप्टन ने कहा कि हाल में सिद्धू से उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस उपाध्यक्ष की ओर से राज्य के नेताओं को अपना कुनबा संभाल कर रखने के लिए कहा गया है। इसके अलावा विभिन्न वर्ग के ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए भी राज्य नेताओं को कहा गया है। कांग्रेस सूत्रों ने इस बैठक को मासिक समीक्षा बैठक बताया है। बैठक में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब पार्टी की अबियान समिति की अध्यक्ष अंबिका सोनी, पंजाब प्रभारी आशा कुमारी, विधायक दल के नेता चरणजीत सिंह के साथ ही रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी मौजूद थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: पंजाब, विधानसभा चुनाव, कांग्रेस पार्टी, राजनीतिक हलचल, राहुल गांधी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब कांग्रेस, समीक्षा बैठक, नवजोत सिंह सिद्धू, प्रगट सिंह, Punjab, Assembly Election, Congress Party, Political Happenings, Rahul Gandhi, Captain Amrinder Singh, Punjab Congre
OUTLOOK 21 July, 2016
Advertisement