Advertisement
08 November 2018

2019 चुनाव से पहले विपक्ष को एकजुट करने में जुटे नायडू, देवेगौड़ा से की मुलाकात

2019 चुनाव से पहले विपक्ष को एकजुट करने में जुटे नायडू, देवेगौड़ा से की मुलाकात

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबले के लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रहे तेलुगूदेशम पार्टी के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गुरूवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी तथा पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा से मुलाकात की।

भाजपा के खिलाफ एक संयुक्त मोर्चा बनाने की कोशिश कर रहे नायडू ने दावा किया कि देश का मिजाज भाजपा नीत राजग के खिलाफ है और जल्द ही कई क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन बनाया जाएगा।

देवगौड़ा और कुमारस्वामी से मिलने के बाद नायडू ने संवाददाताओं से कहा कि गठबंधन बनाने के लिए शुरूआती कदम अभी तक तय नहीं हुए हैं।

Advertisement

उन्होंने कहा कि तौर-तरीकों को अंतिम रूप देने के बाद कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

नायडू ने कहा, ‘‘मैंने मायावती, अखिलेश यादव से बातचीत की। मैंने सभी से मुलाकात की है। कल मैं द्रमुक अध्यक्ष स्टालिन से मिलूंगा। हम तय करेंगे कि आम-सहमति के साथ गठबंधन कैसे आगे ले जाया जाए। यह शुरूआती कवायद है। इसके बाद हम मिलकर काम करेंगे।’’

कांग्रेस के मुखर आलोचक रहे नायडू महागठबंधन के लिए उसके साथ बातचीत करने के भी खिलाफ नहीं हैं।

हालांकि उन्होंने प्रधानमंत्री पद के दावेदार के सवाल पर कोई जवाब नहीं दिया।

TAGS: Chandrababu Naidu, meets, Gowda, uniting, opposition parties
OUTLOOK 08 November, 2018
Advertisement