Advertisement
22 October 2018

छत्तीसगढ़: कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी, सीएम रमन सिंह के खिलाफ उतरेंगी अटल की भतीजी करुणा

File Photo

छत्तीसगढ़ में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने राजनांदगांव की बची छह सीटों पर भी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस द्वारा प्रत्याशियों की दूसरी सूची सोमवार को जारी कर दी गई।

रमन सिंह के खिलाफ अटल की भतीजी

कांग्रेस ने राजनादगांव विधानसभा सीट से सीएम डॉ. रमन सिंह के खिलाफ पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला को मैदान में उतारा है। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज करुणा शुक्ला ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया था।

Advertisement

23 अक्टूबर नामांकन का आखिरी दिन

पहले चरण के चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को नामांकन का आखिरी दिन है। इसे ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने प्रत्याशियों की दूसरी सूची सोमवार रात करीब पौने आठ बजे जारी कर दी। इससे पहले कांग्रेस में टिकट चयन को लेकर एक बार फिर बीते रविवार की देर रात बैठक हुई थी। होटल के बंद कमरे में हुई इस बैठक में प्रभारी पीएल पुनिया, भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव मौजूद थे।

इन लोगों को मिला टिकट

कांग्रेस द्वारा जारी दूसरी सूची में राजनादगांव से करुणा शुक्ला, खैरागढ़ से गिरवर जंघेल, डोंगरगांव से दिलेश्वर साहू, डोंगरगढ़ से भुनेश्वर बघेल, खुज्जी से चन्नी साहू और मानपुर मोहला से इंद्र शाह मंडावी को उम्मीदवार बनाया गया है।

बता दें कि बस्तर संभाग की 12 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कांग्रेस पहले ही कर चुकी है। छत्तीसगढ़ में 12 और 20 नवंबर को दो चरणों में चुनाव हैं। 11 दिसंबर को नतीजे आएंगे।


 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Chhattisgarh, congress, second list of 6 candidates, karuna shukla, cm raman singh
OUTLOOK 22 October, 2018
Advertisement