Advertisement
10 November 2018

छत्तीसगढ़ में आज थमेगा पहले चरण का चुनाव प्रचार, 18 सीटों पर 12 नवंबर को वोटिंग

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दलों के बीच प्रतिस्पर्धा चरम पर है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियां एड़ी-चोटी एक कर सियासी समर में जुटी हुई हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिहाज से शनिवार का दिन अत्यधिक महत्वपूर्ण है। छत्तीसगढ़ में आज पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार थम जाएगा। लेकिन इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में मैराथन रैलियां करने में लगे हैं।

छत्तीसगढ़ में चौथी बार सरकार बनाने का प्रयास कर रही भाजपा के चार दिग्गज प्रचारक आज करीब दर्जन भर रैलियां करेंगे। भाजपा की तरफ से अमित शाह, सुषमा स्वराज, योगी आदित्यनाथ और बाबुल सुप्रियो रैलियों और जनसभाओं की झड़ी लगा रहे हैं।

अमित शाह 10 नवंबर को दोपहर में गरियाबंद पहुंचेंगे। वे यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद अमित शाह राजनांदगांव में रोड़ शो करेंगे। साथ ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह छत्तीसगढ़ के लिए संकल्प पत्र की भी घोषणा करेंगे।

Advertisement

छत्तीसगढ़ के चुनावी मैदान में आज सुषमा भी मोर्चा संभाल रही हैं। सुषमा स्वराज राजधानी रायपुर और भिलाई में रैलियां करेंगी। जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चार जगहों पर रैलियां करेंगे। भाजपा के अनुसार राज्य के लोरमी, मुंगेली, दुर्ग और कवर्धा में योगी की रैलियां प्रस्तावित हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष की मैराथन रैलियां

छत्तीसगढ़ के गढ़ को भाजपा से छीनने का प्रयास कर रही कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी भी आज राज्य में तीन रैलियां कर रहे हैं। राहुल गांधी ने शुक्रवार को राजनांदगांव में कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी कर कई बड़े वादे किए। वहीं शनिवार को भी कांग्रेस अध्यक्ष छत्तीसगढ़ में तीन रैलियां कर रहे हैं। राहुल आज कांकेर, कोठगोदाम  और जगदलपुर में रैलियां करेंगे।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित 18 विधानसभा सीटों पर 12 नवंबर को वोटिंग है। 20 नवंबर को प्रदेश में दूसरे चरण का मतदान है। वोटों की गिनती 11 दिसबंर को होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Chhattisgarh, first phase of election campaign, Marathon rallies, Amit Shah, Rahul Gandhi
OUTLOOK 10 November, 2018
Advertisement