Advertisement
06 September 2025

अगले कुछ दिन अस्पताल में ही रहेंगे मुख्यमंत्री मान, मनीष सिसोदिया ने बताया कैसी है तबीयत

आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मोहाली के एक निजी अस्पताल में मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

मान (51) को शुक्रवार शाम थकान और कम हृदय गति की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, मान फिलहाल निगरानी में हैं।

मान से मुलाकात के बाद सिसोदिया ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री पिछले दो-तीन दिनों से अस्वस्थ थे। आप के पंजाब प्रभारी सिसोदिया ने कहा, ‘‘मान के शरीर में इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन था।’’ इससे पहले, उनका घर पर ही इलाज चल रहा था।

Advertisement

सिसोदिया ने कहा, ‘‘कल शाम उनकी नाड़ी की गति कम हो गई और इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। तब से उन्हें निगरानी में रखा गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनकी हालत स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है। चिकित्सकों के अनुसार, उन्हें एक-दो दिन और अस्पताल में रहना होगा।’’

मान के साथ अपनी बातचीत के बारे में सिसोदिया ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पंजाब में बाढ़ की स्थिति पर बात की।

शुक्रवार को मान की अध्यक्षता में होने वाली पंजाब मंत्रिमंडल की बैठक उनके बीमार पड़ने के कारण स्थगित कर दी गई थी। मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ भी नहीं जा सके।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Chief Minister Bhagwant Mann, Hospitalised, Manish Sisodia
OUTLOOK 06 September, 2025
Advertisement