Advertisement
21 October 2019

साइकिल पर सवार होकर मतदान करने पहुंचे मुख्यमंत्री खट्टर, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को करनाल के बूथ नम्बर 174 पर अपना मतदान किया। मुख्यमंत्री अपने प्रेम नगर स्थित कार्यालय से मतदान केन्द्र तक साइकिल की सवारी कर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यह कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया-हिट इंडिया और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहन के लिए उठाया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने साईकिल चलाकर युवा पीढ़ी व समाज को स्वस्थ्य रहने तथा पर्यावरण को संरक्षित रखने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां तक संभव हो, हमें प्रदूषण रोकना चाहिए और पर्यावरण का संरक्षण करना चाहिए।

अबकी बार-75 पार का लक्ष्य करेंगे प्राप्त

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मतदान करने के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रदेश की जनता से अपने मत का प्रयोग करने की अपील की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव में अबकी बार-75 पार का लक्ष्य जरूर प्राप्त करेगी। जनता में मतदान को लेकर उत्साह है, जनता एक बार फिर भाजपा को प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता सौंपने जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री ने असंध से भाजपा प्रत्याशी के वायरल वीडियो को फेक बताते हुए कहा कि इस वीडियो को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है। भाजपा प्रत्याशी ने अपना पक्ष रख दिया है। भाजपा प्रत्याशी के पक्ष के आधार पर चुनाव आयोग ने भी वीडियो वायरल करने वाले लोगों को नोटिस भेजा है। चुनाव आयोग अपना काम कर रहा है।

Advertisement

पहले मतदान-तब जलपान

मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार की सुबह जब चंडीगढ़ स्थित अपने आवास से करनाल के लिए निकल रहे थे तो उन्होंने फेसबुक पर अपनी यात्रा की तस्वीरें पोस्ट करते हुए हरियाणा की जनता से मतदान की अपील करते हुए लिखा कि पहले मतदान तब जलपान, मैं अपना वोट डालने जा रहा हूं। प्रदेश के सभी नागरिकों से विनम्र अनुरोध करता हूं कि आप भी अपने मतदान केन्द्र पर जाकर मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। मजबूत सरकार बनाने के लिए आपका एक-एक वोट निर्णायक है।

ट्रेन में यात्रियों से किया संवाद

मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपने निर्वाचन क्षेत्र करनाल में मतदान के लिए सुबह चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास से शताब्दी ट्रेन में सवार होकर पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ट्रेन में अपने सहयात्रियों के साथ जमकर संवाद किया। मुख्यमंत्री के साथ संवाद करके इनके सहयात्री भी काफी प्रसन्न दिखायी दे रहे थे। यह पहली बार नहीं है, जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल का इस सहज व सरल स्वभाव से उनके सहयात्री रूबरू हुए हों। मुख्यमंत्री मनोहर लाल अक्सर नई दिल्ली से चंडीगढ़ की यात्रा शताब्दी ट्रेन के माध्यम से करते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री अपने सहयात्रियों से इसी तरह से खुलकर बातें करते हैं। उनसे सरकार की नीतियों व कामकाज को लेकर फीडबैक भी लेते हैं।

स्टेशन से कार्यालय तक ई-रिक्शा से तय किया सफर

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल स्टेशन से अपने कार्यालय तक का सफर ई-रिक्शा से तय किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल जैसे ही शताब्दी ट्रेन से करनाल रेलवे स्टेशन पर उतरें, उसके बाद वह सीधे ई-रिक्शा वाले के पास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ई-रिक्शा में बैठकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रेम नगर स्थित कार्यालय के लिए रवाना हो गए। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ चल रहे उनके सुरक्षाकर्मी भी ई-रिक्शा में ही सवार थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Chief Minister Manohar Lal, cycle, cast his vote, gives message, environmental protection
OUTLOOK 21 October, 2019
Advertisement