Advertisement
23 September 2022

कांग्रेस अध्यक्ष पद पर अशोक गहलोत की दावेदारी को लेकर खत्म हुआ कंफ्यूजन, खुद किया चुनाव लड़ने का ऐलान

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सरगर्मियां जोरों पर हैं। संभावित उम्मीदवारों में तीन नाम सबसे आगे चल रहे हैं, जिनमें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस नेता शशि थरूर और वरिष्ठ कांग्रेसी दिग्विजय सिंह शामिल हैं। अशोक गहलोत कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और वायनाड सांसद राहुल गांधी की पहली पसंद बताए जा रहे हैं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। केरल में सीएम अशोक गहलोत ने कहा, "मैंने उनसे (कांग्रेस सांसद राहुल गांधी) कई बार कांग्रेस अध्यक्ष बनने के सभी के प्रस्ताव को स्वीकार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांधी परिवार से कोई भी अगला प्रमुख नहीं बनना चाहिए।"

राजस्थान के सीएम गहलोत ने कहा, "यह तय है कि मैं (कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए) चुनाव लड़ूंगा। मैं जल्द ही नामांकन दाखिल करने के लिए तारीख तय करूंगा। देश की वर्तमान स्थिति को देखते हुए विपक्ष को मजबूत होने की जरूरत है।"

Advertisement

गहलोत ने कहा कि जब सब कांग्रेस कमेटी ये प्रस्ताव पास कर रही हैं कि आपको(राहुल गांधी) अध्यक्ष बनना चाहिए तो फिर आप उसे स्वीकार कीजिए। मैंने उनसे काफी बात करने की कोशिश की। उनका कहना है कि हमने फैसला कर लिया कि इस बार कोई गांधी परिवार का व्यक्ति उम्मीदवार नहीं बनेगा।

उन्होंने कहा कि तारीख तो मैं अभी जाकर पक्की करूंगा। ये तय है कि मैं चुनाव लड़ूंगा (कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए)। जो हालात देश के हैं उसके लिए प्रतिपक्ष का मज़बूत होना बहुत जरूरी है और उसके लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस महासचिव अजय माकन और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी पार्टी अध्यक्ष बनने पर आगे की कार्यवाही तय करेंगी। इससे पहले दिल्ली में अशोक गहलोत की सोनिया गांधी से मुलाकात हो चुकी है।

इससे पहले वह केरल में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा  में शामिल हुए और राहुल गांधी से मुलाकात की। कल यानी 24 सितंबर से चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी जो 30 सितंबर तक चलेगी।

इससे पहले गुरूवार को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने राजस्थान के मुख्यमंत्री का खुलकर समर्थन किया। साथ ही, उन्होंने थरूर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि थरूर ने सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उन्हें पत्र लिखकर उनके (वल्लभ) जैसे कार्यकर्ताओं को कष्ट पहुंचाया है और ऐसे में वह ‘निष्कलंक राजनीतिक जीवन’ वाले गहलोत का चयन करेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Confusion, Ashok Gehlot, Congress President Election, Shashi Tharoor
OUTLOOK 23 September, 2022
Advertisement