Advertisement
24 March 2019

कांग्रेस ने जारी की 8वीं सूची, चार पूर्व मुख्यमंत्रियों को दिया टिकट

कांग्रेस ने शनिवार देर रात 38 उम्मीदवारों की 8वीं सूची जारी की है। इसमें कांग्रेस ने 4 पूर्व मुख्यमंत्रियों को लोकसभा चुनाव का टिकट दिया है, जिसमें दिग्विजय सिंह, अशोक चौहान, एम वीरप्पा मोइली और हरीश रावत का नाम शामिल है। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तराखंड और मणिपुर में लोकसभा की सीटों के लिए उम्मीदवार के नाम घोषित किए हैं।

पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से जारी सूची के मुताबिक पार्टी ने वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को भोपाल से उम्मीदवार बनाया है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को राज्य की नैनीताल-उधमसिंह नगर सीट से टिकट दिया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण एक बार फिर से नांदेड़ से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली को कर्नाटक की चिकबल्लापुर लोकसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है।

वहीं लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को राज्य की गुलबर्गा सीट से फिर पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।  कांग्रेस ने उत्तराखंड में भाजपा के वरिष्ठ नेता बी. सी. खंडूरी के बेटे मनीष को गढ़वाल संसदीय सीट से टिकट दिया है।   

Advertisement

कर्नाटक में 18, मध्यप्रदेश में नौ, महाराष्ट्र में एक, उत्तर प्रदेश में तीन, उत्तराखंड में पांच और मणिपुर में दो उम्मीदवार घोषित किये गए हैं। पार्टी ने लोकसभा उम्मीदवारों की यह आठवीं सूची जारी की है।

सातवी सूची में इमरान प्रतापगढ़ी को टिकट

कांग्रेस ने अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अपने 35 उम्मीदवारों की सातवीं सूची शुक्रवार को जारी की थी और उत्तर प्रदेश राज्य इकाई के प्रमुख राज बब्बर की सीट मुरादाबाद से बदलकर फतेहपुर सीकरी कर दी है।  पार्टी ने एक बयान में कहा कि मुरादाबाद से इमरान प्रतापगढ़ी को उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट से पहले बब्बर की उम्मीदवारी घोषित की गई थी। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी को तेलंगाना में खम्मम सीट से उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कर्ण सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को जम्मू कश्मीर की उधमपुर सीट से खड़ा किया है।  कांग्रेस उत्तर प्रदेश एवं कुछ अन्य राज्यों के लिए सात बार में कुल 182 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है जिनमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नाम भी शामिल हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, announces, eighth list, candidates, Lok Sabha elections
OUTLOOK 24 March, 2019
Advertisement