Advertisement
14 July 2019

कांग्रेस में इस्तीफों के बीच बालासाहब थोराट बने महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष

File Photo

कांग्रेस पार्टी में लगातार हुए इस्तीफों के बाद अब बदलाव शुरू हो गया है। लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस हार की जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी की राज्य इकाई के मुखिया अशोक चव्हाण ने इस्तीफा दे दिया था। अब उनकी जगह पर बालासाहब थोराट को महाराष्ट्र इकाई का अध्यक्ष बनाया गया। उनके अलावा पांच कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं।

बालासाहब थोराट महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता थे। अब उनकी जगह के सी पदावी को विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है। बालासाहब थोराट को अध्यक्ष बनाने के अलावा डॉ. नितिन राउत, बस्वाराज एम पाटिल, विश्वजीत कदम, यशोमति चंद्रकांत ठाकुर और मुजफ्फर हुसैन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

कई समितियां भी की गईं गठित

Advertisement

अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही सात समितियां भी गठित की गई हैं। ये समितियां हैं- रणनीति समिति, मैनिफेस्टो समिति, संयोजन समिति, चुनाव समिति, प्रचार समिति, प्रचार और प्रकाशन समिति, मीडिया और कम्युनिकेशन समिति और चुनाव प्रबंधन टीम का गठन भी किया गया है। वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे को संयोजन समिति, बालासाहब थोराट को रणनीति और चुनाव समिति और नाना पटोले को प्रचार समिति का मुखिया बनाया गया है।

विधानसभा चुनाव सामने

इसी साल महाराष्ट्र में विधानसभा के चुनाव भी होने हैं। लोकसभा चुनाव में राज्य की 48 में से सिर्फ एक सीट पर कांग्रेस को जीत हासिल हुई थी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। इस बात की पूरी संभावना है कि दोनों पार्टियां विधानसभा चुनाव में भी एकसाथ उतरेंगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, balasaheb Thorat, Maharashtra party chief
OUTLOOK 14 July, 2019
Advertisement