Advertisement
03 February 2018

2019 से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा अपना रही है ओछे हथकंडेः कांग्रेस

File Photo

कांग्रेस ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ आरोप पत्र दायर होने के मामले में भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस का कहना है कि 2019 में लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा ओछे हथकंडे अपना रही है और यही भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा बन गया है।

कांग्रेस पार्टी के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेस में कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर सीबीआई की तरफ से दायर किया गया आरोप पत्र झूठा है।  इससे पहले हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ झूठा मुकदमा दायर किया गया है। इसी तरह राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, महाराष्ट्र में अशोक चाव्हान, तमिलनाडु में पी चिदंबरम, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को सीबीआई ने केस दर्ज करने की कोशिश की है।

उन्होंने कहा कि सीधे तौर पर यह भाजपा की प्रतिशोध की भावना को दर्शाता है। जैसे-जैसे मोदी का ग्राफ गिर रहा है वैसे-वैसे मोदी सीबीआई का सहारा लेकर विपक्षी दलों के नेताओं को शिकंजा कसने की कोशिश तेज कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं और विपक्षी नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार सीबीआई का इस्तेमाल एक पिट्ठू की तरह कर रही है।््््््््््् सीबीआई का नाम अब भाजपा का 'कैप्टिव ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन' रख देना चाहिए।  

Advertisement

बोफोर्स मामले में कोर्ट की फिर सुनवाई पर कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले से दशकों से चली आ रही भाजपा की साजिश का भंडाफोड़ हुआ था। मोदी एक बार फिर देश का ध्यान भटकाने के लिए झूठे हथकंडे अपना रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा शासित हरियाणा की खट्टर सरकार में अब कोई सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मोदी और खट्टर सरकार को अपनी साजिश में कामयाब नहीं होने देगी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बचाव करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ मानेसर ज़मीन सौदा मामले में आठ साल बाद मुकदमा दर्ज किया गया है।

TAGS: congress, BJP, bofors, बोफोर्स, भाजपा, कांग्रेस
OUTLOOK 03 February, 2018
Advertisement