Advertisement
13 October 2017

हिमाचल चुनाव के लिए कांग्रेस ने बनाई स्क्रीनिंग कमेटी

हिमाचल चुनाव के लिए कांग्रेस ने बनाई स्क्रीनिंग कमेटी | google

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नौ नवंबर को होने वाले हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में उम्मीदवारों के चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी को मंजूरी दे दी है। तीन सदस्यीय समिति का चेयरमेन पूर्व सांसद जितेंद्र सिंह को बनाया गया है।  

कांग्रेस महासचिव जनार्दन दि्वेदी के मुताबिक समिति में विधायक विजय इंदर सिंगला और सांसद गौरव गोगोई को सदस्य बनाया गया है। समझा जाता है कि पार्टी जल्द ही उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी। जल्द ही अन्य कमेटियों की घोषणा भी की जाएगी। कांग्रेस हिमाचल चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गई है।। यहां वीरभद्र सिंह छह बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उधर, भाजपा में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। जिनके नाम उभरकर सामने आ रहे हैं उसमें जे पी नड्डा, पी के धूमल, शांता कुमार और जामवाल का नाम शामिल है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को चुनाव आयोग ने हिमाचल विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान किया था जिसके बाद ही हिमाचल चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा में राजनैतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए नौ नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 18 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी। हिमाचल प्रदेश में 7521 मतदान केंद्रों पर वीवीपैट से वोटिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। पिछले चुनावों में कांग्रेस को 36 सीटें मिली थी जबकि भाजपा 26 सीटें ही ले पाई थी। भाजपा ने यहां प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में चुनाव लड़ा था।

TAGS: himachal election, congress, screening committee, हिमाचल चुनाव, कांग्रेस, स्क्रीनिंग कमेटी
OUTLOOK 13 October, 2017
Advertisement