Advertisement
24 June 2024

कांग्रेस ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति पर की चर्चा; कहा- जल, जंगल, जमीन और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए पूरी तरह समर्पित

twitter

कांग्रेस ने इस साल के अंत में होने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति बनाने और संगठन को मजबूत करने के तरीके विकसित करने के लिए सोमवार को विचार-विमर्श शुरू किया। इस सप्ताह जम्मू-कश्मीर के अलावा महाराष्ट्र और हरियाणा जैसे चुनावी राज्यों के लिए भी इसी तरह के सत्र आयोजित किए जाएंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रणनीति बैठक के दौरान झारखंड के नेताओं के साथ विचार-विमर्श शुरू किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल भी मौजूद थे।

पार्टी के मुताबिक, "कांग्रेस पार्टी झारखंड के सभी वर्गों के जल, जंगल, जमीन और आदिवासी समाज के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह समर्पित है। खड़गे ने एक्स पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा "षड्यंत्रकारी राजनीति करके भाजपा ने झारखंड की अस्मिता का अपमान किया है। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए हर कांग्रेस कार्यकर्ता को जनता के बीच रहना होगा।"

Advertisement

उन्होंने कहा "हम सभी सामाजिक न्याय और भागीदारी के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, "हमने आज झारखंड कांग्रेस के नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की।" झारखंड कांग्रेस प्रमुख राजेश ठाकुर, राज्य कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर और अजय कुमार जैसे अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता बैठक में शामिल हुए।

महाराष्ट्र के लिए कांग्रेस की रणनीति बैठक मंगलवार को होगी और हरियाणा के पार्टी नेता बुधवार को मिलेंगे। जम्मू और कश्मीर के लिए, जहां चुनाव की घोषणा होनी बाकी है, रणनीति बैठक गुरुवार को होगी। हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन से उत्साहित कांग्रेस नेतृत्व ने बैठकों की योजना पहले ही बना ली है।

महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने हैं। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जबकि हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर को समाप्त हो रहा है। झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी, 2025 को समाप्त हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि जम्मू और कश्मीर में चुनाव 30 सितंबर से पहले होने चाहिए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 24 June, 2024
Advertisement